🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनर ने लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब जीतकर टेनिस जगत में मचाई सनसनी

सिनर रच सकते हैं नया इतिहास, तोड़ सकते हैं जोकोविच का रिकॉर्ड

By डॉ. अभिज्ञात

May 12, 2026 23:23 IST

रोम: इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच के लगातार 31 एटीपी मास्टर्स 1000 मुकाबले जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मंगलवार को रोम में खेले गए इंटरनाजियोनाली बीएनएल डी’इटालिया टूर्नामेंट में सिनर ने क्वालीफायर एंड्रिया पेलेग्रिनो को 6-2, 6-3 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। ओलंपिक्स डॉट कॉम के अनुसार, इस जीत के साथ सिनर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने कैंपो सेंट्रेल कोर्ट पर 88 मिनट तक चले मुकाबले में जीत दर्ज की। अब उनका अगला मुकाबला बुधवार को आंद्रे रुबलेव या निकोलोज बेसिलाशविली में से किसी एक खिलाड़ी से होगा।

विश्व रैंकिंग में 155वें स्थान पर मौजूद एंड्रिया पेलेग्रिनो पहली बार किसी टॉप-10 खिलाड़ी के खिलाफ खेल रहे थे। दूसरे सेट में 3-2 के स्कोर पर उनके पास दो बार ब्रेक प्वाइंट हासिल करने का मौका भी आया, लेकिन सिनर ने दबाव के समय अपने खेल का स्तर ऊंचा कर दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार चार गेम जीतते हुए पहले ही मैच प्वाइंट पर मुकाबला समाप्त कर दिया।

यानिक सिनर की यह लगातार जीत की श्रृंखला पिछले साल पेरिस मास्टर्स से शुरू हुई थी। इस दौरान उन्होंने लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब अपने नाम किए हैं। इतना ही नहीं, इस स्तर पर खेले गए अपने पिछले 62 मुकाबलों में उन्होंने सिर्फ दो सेट गंवाए हैं।

सिनर का रिकॉर्ड टॉप-50 से बाहर के खिलाड़ियों के खिलाफ भी बेहद शानदार रहा है। साल 2023 में सिनसिनाटी में दुसान लाजोविच से हारने के बाद से उन्होंने टॉप-50 से बाहर के खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार 57 मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा टूर पर इटली के खिलाड़ियों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 18-0 का है। अगर यानिक सिनर अपना अगला मुकाबला भी जीत लेते हैं, तो वह एटीपी मास्टर्स 1000 इतिहास में सबसे लंबी लगातार जीत दर्ज करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे और नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे।

इससे पहले मई महीने की शुरुआत में यानिक सिनर ने जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को सीधे सेटों में हराकर मैड्रिड ओपन खिताब जीता था। एटीपी वेबसाइट के मुताबिक, इसके साथ ही वह लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए थे। एटीपी रैंकिंग के नंबर एक खिलाड़ी ने मनोलो सांताना स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 6-1, 6-2 से आसान जीत हासिल की थी।

मैच के बाद सिनर ने कहा कि लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब जीतना उनकी मेहनत, समर्पण और रोजाना किए गए त्याग का नतीजा है। उन्होंने माना कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है, हालांकि खेल में उतार-चढ़ाव आना सामान्य बात है। सिनर ने कहा, “इसके पीछे काफी मेहनत है। हर दिन मैंने जो समर्पण और त्याग किया है, उसका यह परिणाम है। जाहिर तौर पर ये नतीजे मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं। लेकिन किसी समय परिणाम नीचे भी जाएंगे, जो खेल का सामान्य हिस्सा है।”

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा। वह हर दिन अनुशासन के साथ अभ्यास करते हैं और सही दिशा में मेहनत करने की कोशिश करते हैं। सिनर ने अपनी टीम को भी इस सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि मैंने खुद पर विश्वास बनाए रखा। मैं हर दिन अभ्यास सत्र में पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ उतरता हूं। इसके लिए आपके पीछे सही टीम का होना जरूरी है और मेरे पास वह टीम है। मैं अपनी उपलब्धि से खुश हूं, लेकिन मेरी टीम के लिए भी यह बहुत मायने रखता है।”

Articles you may like: