बीजिंग : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे जहां गुरुवार से चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ 36 घंटे लंबा बहुचर्चित ‘महाशक्ति शिखर सम्मेलन’ शुरू होने जा रहा है। इस यात्रा की सबसे बड़ी चर्चा ट्रंप के साथ पहुंचे अमेरिकी उद्योग जगत के दिग्गजों को लेकर हो रही है।
ट्रंप के साथ अमेरिका की 17 बड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी बीजिंग पहुंचे हैं। इन कंपनियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 16.47 ट्रिलियन डॉलर बताया जा रहा है। यह राशि चीन की वर्ष 2025 की अनुमानित सकल घरेलू उत्पाद का करीब 82 प्रतिशत है। इतना ही नहीं यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जर्मनी की कुल अर्थव्यवस्था से लगभग चार गुना अधिक है। व्यापार विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी सरकारी विदेश दौरे में पूंजी और कॉरपोरेट शक्ति का इतना बड़ा जमावड़ा पहले कभी नहीं देखा गया।
इस प्रतिनिधिमंडल में सबसे अधिक चर्चा एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग और एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक को लेकर हो रही है। अंतिम समय में जेनसन हुआंग भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए। पहले खबर थी कि उन्हें व्हाइट हाउस की ओर से निमंत्रण नहीं दिया गया क्योंकि इस यात्रा में तकनीकी मुद्दों को अधिक महत्व नहीं मिलेगा लेकिन मंगलवार सुबह ट्रंप के एक फोन कॉल के बाद वह अलास्का से राष्ट्रपति के विशेष विमान एयरफोर्स वन में सवार होकर इस यात्रा में शामिल हो गए।
विशेषज्ञों के अनुसार केवल एनवीडिया और एप्पल की संयुक्त बाजार पूंजी करीब 9.7 ट्रिलियन डॉलर है जो जापान, जर्मनी और ब्रिटेन की संयुक्त अर्थव्यवस्था से भी अधिक मानी जा रही है।
इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में टेस्ला प्रमुख एलन मस्क भी शामिल हैं। वहीं मेटा कंपनी के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग की जगह कंपनी की ओर से दीना पॉवेल मैककॉर्मिक प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इसके अलावा विमान निर्माण कंपनी बोइंग के केली ऑर्टबर्ग के साथ-साथ दुनिया की बड़ी वित्तीय कंपनियों ब्लैकरॉक, गोल्डमैन सैक्स, सिटीग्रुप और ब्लैकस्टोन के शीर्ष अधिकारी भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने हैं।