🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फीफा ने किया बड़ा ऐलान, विश्व कप फाइनल में पहली बार होगा हाफ टाइम शो

शकीरा, बीटीएस और मैडोना की ऐतिहासिक वापसी से फीफा फाइनल बनेगा यादगार।

बर्न : फीफा ने पहली बार अपने विश्व कप में मैच के बीच यानी हाफ टाइम शो आयोजित करने का बड़ा फैसला लिया है। वर्ष 2026 का फीफा विश्व कप 12 जून से शुरू होने जा रहा है जिसकी मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा करेंगे। इस टूर्नामेंट के लिए फीफा ने अलग-अलग उद्घाटन समारोहों की भी योजना बनाई है। इन आयोजनों में भारत की लोकप्रिय अभिनेत्री नोरा फतेही भी मंच साझा करेंगी।

इसके अलावा इस भव्य आयोजन में विश्व प्रसिद्ध कलाकार एलानिस मोरिसेट, कैटी पेरी और जे बॉल्विन जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे भी अपनी प्रस्तुति देंगे।

अब एक और बड़ा खुलासा सामने आया है कि पहली बार फीफा विश्व कप फाइनल के दौरान हाफ टाइम शो का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक शो में दुनिया की मशहूर के-पॉप ग्रुप बीटीएस, लैटिन पॉप स्टार शकीरा और पॉप आइकन मैडोना एक साथ मंच पर नजर आएंगे। यह फाइनल 19 जुलाई को मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा और इसी दौरान यह विशेष हाफ टाइम प्रदर्शन होगा।

आयोजकों के अनुसार इस विशेष कार्यक्रम से होने वाली सभी आय ‘फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन’ फंड में जाएगी जिसका उद्देश्य दुनिया भर के बच्चों को बेहतर शिक्षा और फुटबॉल खेलने के अवसर उपलब्ध कराना है।

हाफ टाइम शो के लिए कलाकारों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी प्रसिद्ध गायक क्रिस मार्टिन ने निभाई है जो मशहूर बैंड कोल्डप्ले के प्रमुख सदस्य हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस आयोजन की जानकारी साझा की है।

शकीरा और फीफा विश्व कप का रिश्ता पहले भी खास रहा है। वर्ष 2010 के विश्व कप में उनका गीत ‘वाका वाका’ आज भी सबसे लोकप्रिय थीम सॉन्ग में शामिल है। इस बार उन्होंने नाइजीरियाई कलाकार बर्ना बॉय के साथ मिलकर नया विश्व कप थीम सॉन्ग ‘दाई दाई’ जारी किया है।

वहीं मैडोना इस गर्मी में ट्रिबेका फेस्टिवल में वापसी करने जा रही हैं। दूसरी ओर दक्षिण कोरिया का लोकप्रिय बैंड बीटीएस लगभग चार साल बाद इस साल मार्च में वापसी कर चुका है और अब पहली बार विश्व कप के मंच पर एक साथ प्रदर्शन करता दिखाई देगा।

Articles you may like: