उमस वाली गर्मी से लोग परेशान हैं। सुबह से चिलचिलाती धूप और उसके साथ ही भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। ऐसी गर्मी से राहत पाने के लिए बारिश की एक बूंद का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। क्या मौसम फिर से करवट लेगी? क्या बारिश की बूंदें भीषण गर्मी से राहत दिलाएगी? क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आसमान में पूरे दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर अथवा शाम के बाद वर्जपात वाले बादलों के आसमान में छाने की भी संभावना है। पर क्या बारिश होगी? जी नहीं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
Read Also | NEET-UG 2026 की होगी पुनर्परीक्षा, NTA ने जारी की परीक्षा की नई तारीख
दक्षिण बंगाल में गर्मी के साथ उमस वाली असहजता बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में आंधी और बारिश की संभावना भी जताई है। मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पुरुलिया में हल्की से मध्यम बारिश या वज्रपात के साथ वर्षा हो सकती है। हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अधिक रहने की संभावना है।
वहीं बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो यहां की स्थिति बिल्कुल विपरीत है। लगभग सभी जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी हो सकती है। दार्जिलिंग से मालदह तक उत्तर बंगाल के सभी 8 जिलों में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है।
हालांकि तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री के आसपास रह सकता है। हवा में नमी बनी रहने के कारण उमस और बेचैनी की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम आर्द्रता 93 प्रतिशत और न्यूनतम लगभग 48 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
सप्ताहांत में भी मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रविवार को भी मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में बारिश का पूर्वानुमान है। हालांकि मौसम विभाग ने बताया कि आर्द्रता से होने वाली बेचैनी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है।