🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दस साल बाद केरल में सत्ता परिवर्तन, कांग्रेस ने वी.डी. सतीशन पर जताया भरोसा

नेता प्रतिपक्ष से मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे सतीशन, 18 मई को होगा शपथ ग्रहण। शशि थरूर समेत UDF नेताओं ने फैसले का किया स्वागत।

By श्वेता सिंह

May 14, 2026 23:15 IST

तिरुवनंतपुरम : केरल की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने 2026 विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन को राज्य का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। लंबे मंथन और अंदरूनी चर्चाओं के बाद कांग्रेस हाईकमान ने सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।

वी.डी. सतीशन 18 मई, सोमवार सुबह 10 बजे लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। UDF ने 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जिससे राज्य में उसकी सत्ता में वापसी तय हो गई।

विपक्ष से सत्ता तक का सफर

वी.डी. सतीशन पिछले कुछ वर्षों में केरल कांग्रेस का सबसे प्रभावशाली चेहरा बनकर उभरे। नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने वाम सरकार को कई मुद्दों पर घेरा और UDF के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया।

सतीशन लगातार छठी बार परावूर सीट से विधायक चुने गए हैं। उन्होंने CPI उम्मीदवार ई.टी. टायसन मास्टर को 20,600 वोटों के बड़े अंतर से हराया। वे पिछले 25 वर्षों से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

हाईकमान के फैसले पर कांग्रेस में एकजुटता

मुख्यमंत्री पद को लेकर कई दिनों से चल रही अटकलों के बीच कांग्रेस नेतृत्व ने अंततः सतीशन के नाम की घोषणा की। फैसले के बाद पार्टी नेताओं और सहयोगी दलों ने इसे सामूहिक निर्णय बताया।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सतीशन को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की जीत नहीं बल्कि पूरे UDF गठबंधन की जीत है।

कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने विधायकों, सहयोगी दलों और राज्य के लोगों की राय लेने के बाद यह फैसला किया। वहीं, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के फैसले का सभी सहयोगी दल स्वागत करते हैं।

वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन

वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.एम. सुधीरन ने सतीशन को मुख्यमंत्री चुने जाने को “सबसे उपयुक्त फैसला” बताया। सतीशन ने भी सुधीरन से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया।

AICC प्रभारी दीपादास मुंशी ने कहा कि पूरा UDF इस फैसले के साथ एकजुट है और चुनाव के दौरान गठबंधन ने टीम की तरह काम किया।

छात्र राजनीति से मुख्यमंत्री पद तक

1964 में कोच्चि के पास नेट्टूर में जन्मे वी.डी. सतीशन पेशे से वकील हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा केरल स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) से शुरू की थी और बाद में यूथ कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभाई।

वे केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं और 2021 में रमेश चेन्निथला के बाद नेता प्रतिपक्ष बने थे। अब UDF की ऐतिहासिक जीत के साथ वे राज्य की सत्ता संभालने जा रहे हैं।

Articles you may like: