मुंबई : आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद आखिरकार युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बड़ा इनाम मिल गया है। क्रिकेट प्रेमियों के बीच लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि भारत की सीनियर टीम में वैभव को कब मौका मिलेगा। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए गुरुवार को श्रीलंका ‘ए’ और अफगानिस्तान ‘ए’ टीम के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भारतीय ‘ए’ टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को जगह दी गई है।
इससे पहले वैभव सूर्यवंशी भारत की अंडर-19 टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब उन्हें भारतीय ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है।
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा था। उन्होंने सात मैचों में 256 रन बनाए थे जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। मौजूदा आईपीएल सीजन में भी उनका प्रदर्शन शानदार बना हुआ है। अब तक 11 मैचों में यह युवा बल्लेबाज 440 रन बना चुका है। उनका स्ट्राइक रेट लगभग 236 का रहा है। इसी प्रदर्शन का उन्हें इनाम मिला है।
सिर्फ आईपीएल ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी ने भारत की अंडर-19 टीम के लिए देश और विदेश दोनों जगह अपनी प्रतिभा साबित की है। अब उनके सामने भारतीय ‘ए’ टीम के लिए खुद को साबित करने की नई चुनौती होगी।
भारतीय ‘ए’ टीम के लिए घोषित स्क्वॉड में तिलक वर्मा को कप्तान बनाया गया है, जबकि रियान पराग उपकप्तान होंगे। टीम में प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत संधू, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेज, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विप्राज निगम, यश ठाकुर, युवधीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान को भी शामिल किया गया है।
भारतीय ‘ए’ टीम जून में अफगानिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 9 जून से शुरू होगी और 21 जून तक चलेगी। इसके बाद भारतीय ‘ए’ टीम श्रीलंका ‘ए’ टीम के खिलाफ दो बहु-दिवसीय मुकाबले भी खेलेगी।
टेस्ट मैचों के कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी। हालांकि यह तय हो चुका है कि लाल गेंद वाले मुकाबले गॉल में खेले जाएंगे, जबकि सीमित ओवरों की सीरीज डंबुला में आयोजित होगी।