🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पेपर लीक से करोड़ों के खेल तक ! CBI की गिरफ्त में NEET लीक गैंग, कई राज्यों में फैले तार

राउज एवेन्यू कोर्ट ने माना बड़ी साजिश का संकेत, मोबाइल डेटा, पैसों के लेनदेन और कई राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच तेज।

By श्वेता सिंह

May 14, 2026 22:32 IST

नई दिल्ली : देशभर में चर्चा का विषय बने नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले में जांच ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों - मंगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार और यश यादव को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।

विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) अजय गुप्ता ने माना कि मामले में बड़े स्तर की साजिश की आशंका है और जांच अभी शुरुआती दौर में है। अदालत ने कहा कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने, डिजिटल साक्ष्य जुटाने और अन्य संदिग्धों तक पहुंचने के लिए आरोपियों से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

मोबाइल डेटा और पैसों के लेनदेन पर फोकस

सीबीआई का दावा है कि आरोपियों के मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जांच एजेंसी के अनुसार, मंगीलाल बिवाल के मोबाइल से कथित रूप से नीट प्रश्नपत्र बरामद हुआ। एजेंसी ने यह भी कहा कि कुछ आरोपियों ने मोबाइल डेटा हटाने की कोशिश की थी।

जांच में यह भी सामने आया कि लीक प्रश्नपत्र कथित तौर पर लाखों रुपये में बेचा गया। सीबीआई के मुताबिक, मंगीलाल बिवाल ने 10 लाख रुपये में पेपर हासिल किया और आगे अन्य अभ्यर्थियों को ऊंची रकम लेकर उपलब्ध कराया।

कई राज्यों तक फैला नेटवर्क

सीबीआई ने आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया। मंगीलाल, दिनेश और विकास बिवाल को जयपुर से, शुभम खैरनार को महाराष्ट्र के नासिक से और यश यादव को गुरुग्राम से पकड़ा गया। इससे जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।

अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

सीबीआई ने अदालत में कहा कि जांच केवल छात्रों और बिचौलियों तक सीमित नहीं है। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि परीक्षा प्रणाली के भीतर से किसी स्तर पर मदद मिली या नहीं। यही वजह है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में 20 मई 2026 को अगली सुनवाई होगी, जहां सीबीआई अदालत के सामने जांच से जुड़े नए तथ्य पेश कर सकती है।

Articles you may like: