🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पंजाबी अभिनेता व गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर के बाहर फायरिंग का दावा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बीजेपी पर गैंगस्टरों के इस्तेमाल का लगाया आरोप

By डॉ. अभिज्ञात

May 13, 2026 22:49 IST

चंडीगढ़ः पंजाबी अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर के बाहर कथित फायरिंग की घटना को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट पर जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। यह मामला हरियाणा के करनाल जिले से जुड़ा बताया जा रहा है।

हालांकि हरियाणा पुलिस का कहना है कि अब तक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरपर्ताप सिंह कंग या उनके परिवार की ओर से किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। करनाल के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने बुधवार को बताया कि परिवार की तरफ से कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने करनाल के गोंदर गांव में स्थित कंग के घर का दौरा किया और शुरुआती जांच के दौरान मौके से कोई संदिग्ध सामग्री या सबूत बरामद नहीं हुआ।

सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सहयोगियों बताए जा रहे टायसन बिश्नोई, आरजू बिश्नोई और हरी बॉक्सर ने गोंदर गांव स्थित कंग के घर के बाहर कथित गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने की बात कही है।

उधर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले भाजपा ने दिलजीत दोसांझ को पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। चीमा ने आरोप लगाया कि इसके बाद दोसांझ के मैनेजर पर हमला हुआ और इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली। उनके मुताबिक इससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा गैंगस्टरों के जरिए कलाकारों और कारोबारियों को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी का पंजाब विरोधी चेहरा उजागर हुआ है।

इससे पहले चीमा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि घटनाक्रम पूरी तरह साफ है। उनके अनुसार भाजपा ने दिलजीत दोसांझ को अपने साथ आने के लिए कहा लेकिन उन्होंने सार्वजनिक रूप से मना कर दिया। इसके कुछ दिनों बाद बिश्नोई गैंग ने उनके मैनेजर के घर पर हमला कर संदेश देने की कोशिश की।

चीमा ने यह भी आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ की हर गंभीर कोशिश को भाजपा रोकती रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात में उसे सुरक्षा देकर रखा जा रहा है और एक अपराधी की बजाय “राज्य की संपत्ति” की तरह व्यवहार किया जा रहा है। पंजाब के वित्त मंत्री ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि उन पंजाबियों को डराने के लिए गैंगस्टरों का इस्तेमाल है जो भाजपा के सामने झुकने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने भाजपा पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब को डराकर चुप नहीं कराया जा सकता।

Articles you may like: