🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

नालंदा में खूनी खेल, बेटे ने की पिता की गोली मारकर हत्या, बंटवारे से नहीं था खुश

पूरी घटना नालंदा के तूफानगंज गांव की है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

By लखन भारती

May 13, 2026 18:56 IST

नालंदाः नालंदा के भागनबीघा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत तूफानगंज गांव में बुधवार (13 मई, 2026) की दोपहर एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तूफानगंज गांव निवासी बचु पासवान (उम्र करीब 48 साल) के रूप में की गई है।

देखते ही देखते सीने में मार दी गोली

परिजनों ने बताया कि बचु पासवान का बड़ा बेटा पवन पासवान काफी समय से बाहर रहकर काम करता था। बुधवार को वह घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने पिता के सीने में गोली मार दी।

मौत के बाद परिजनों में मचा कोहराम

गोली लगने के बाद बचु पासवान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इलाज के लिए लोग मॉडल अस्पताल (बिहारशरीफ) लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही भागनबीघा ओपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी पवन पासवान घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है।

इस पूरे मामले में मृतक बचु पासवान के भाई ने बताया कि पवन पासवान घर के बंटवारे और संपत्ति को लेकर संतुष्ट नहीं था। इसी के विवाद में उसने इस वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

घटना के संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Articles you may like: