🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आज 13 नहीं, सिर्फ 5 गाड़ियों के काफिले में न‍िकले CM भजनलाल, पीएम मोदी की अपील पर ल‍िया फैसला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी।

By लखन भारती

May 13, 2026 17:52 IST

जयपुरः राजस्‍थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दिल्ली दौरे पर हैं। जयपुर आवास से एयरपोर्ट रवाना होने के दौरान उनके काफिले में केवल पांच गाड़ियां ही नजर आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने काफिलों में अनावश्यक वाहनों का उपयोग नहीं करें, और ईंधन बचत को प्राथमिकता दें।

मुख्य सचिव को सीएम ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारियों को जारी निर्देशों में कहा है कि सरकारी संसाधनों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही किया जाए। सुरक्षा के नाम पर अतिरिक्त गाड़ियों के इस्तेमाल से बचने और प्रशासनिक स्तर पर मितव्ययता अपनाने पर जोर दिया गया है।

पहले 13 वाहनों के काफिले में चलते थे सीएम

आमतौर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले में सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत 8 से 13 वाहन शामिल रहते हैं, इनमें सबसे आगे चलने वाली पायलट गाड़ियां, सुरक्षा एस्कॉर्ट वाहन, मुख्यमंत्री की बुलेटप्रूफ गाड़ी, जैमर वाहन, एंबुलेंस और बैकअप वाहन शामिल होते हैं, लेकिन अब मुख्यमंत्री ने काफिले का आकार सीमित रखने और केवल जरूरी वाहनों का उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

सादगी अपनाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। इसी सोच के तहत काफिले को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में भी सादगी अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि ईंधन बचत और सरकारी खर्चों में कटौती से संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।

Articles you may like: