कोलकाता मेट्रो के ऑरेंज लाइन के काम की वजह से चिंगड़ीघाटा मोड़ पर सप्ताहांत में यातायात को आंशिक रूप से नियंत्रित किया जा रहा है। बताया जाता है कि बाईपास के किनारे पर कुछ हिस्से में लगातार दो सप्ताह तक कुल 120 घंटे आवाजाही बंद रहेगी।
कब कौन से रास्ते पर ट्रैफिक पूरी तरह से बंद रहेगी और कौन से रास्ते से गाड़ी को मोड़ा जा सकेगा, इस बाबत विस्तृत रूप से जानकारी भी दे दी गयी है।
कोलकाता पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 15 मई (शुक्रवार) की रात 8 बजे से लगातार 60 घंटों के लिए चिंगड़ीघाटा मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाली गाड़ियों को आंशिक रूप से नियंत्रित किया जाएगा। इस रास्ते को 18 मई की सुबह 8 बजे से खोल दिया जाएगा।
इसके अगले सप्ताह यानी 22 मई (शुक्रवार) की रात 8 बजे से 25 मई (सोमवार) की सुबह 8 बजे तक इस रास्ते पर दक्षिण की ओर जाने वाली गाड़ियों की आवाजाही को बंद रखा जाएगा।
Traffic Advisory: Regulation of Traffic at Chingrighata Crossing from 15.05.26 to 18.05.26.
— Kolkata Police (@KolkataPolice) May 13, 2026
Please see the details Notification. pic.twitter.com/uRyoRrjubB
कहां होगा डायवर्जन और क्या होगा वैकल्पिक रास्ता?
- जब बाईपास के पश्चिमी हिस्से को बंद रखा जाएगा तब सॉल्टलेक और एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों को NX Hotel के सामने से डायवर्ट किया जाएगा। चिंगड़ीघाटा जाने के लिए गाड़ियों को नवनिर्मित उत्तरमुखी सड़क से होकर जाना पड़ेगा।
- सॉल्टलेक की ओर जाने वाली जो गाड़ियां चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर चढ़ती हैं, उन्हें भी वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। हालांकि बाईपास के दक्षिण दिशा की ओर आने-जाने वाली गाड़ियों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रहेगी। सॉल्टलेक या न्यू टाउन से बाईपास की ओर जाने वाली गाड़ियों के रास्ते में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
- दूसरे चरण में, जब बाईपास का पूर्वी हिस्सा बंद रहेगा, तब सॉल्टलेक, उल्टाडांगा और एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों को फिर से NX होटल के सामने से डायवर्ट किया जाएगा। ये गाड़ियां उत्तरमुखी नई सड़क से चिंगड़ीघाटा की ओर जाएंगी। सॉल्टलेक जाने वाली गाड़ियां को भी चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर के बजाय वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा।
- दक्षिण दिशा की ओर जाने वाले सभी गाड़ियों को चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग से डायवर्ट कर बाईपास के पश्चिमी हिस्से की ओर भेजा जाएगा।
- न्यू टाउन और सॉल्टलेक की तरफ से बाईपास की ओर आने वाले वाहनों को चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग पर केवल बाईं ओर मुड़कर दक्षिण दिशा में जाने की अनुमति होगी। उत्तर दिशा में मुड़ना (दाईं ओर जाना) पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और वह रास्ता बंद रहेगा। उत्तर दिशा की ओर जाने वाली गाड़ियां मेट्रोपॉलिटन क्रॉसिंग से यू-टर्न लेकर आगे बढ़ सकती हैं।
- हडको मोड़, कांकुरगाछी क्रॉसिंग या अन्य किसी भी स्थान से किसी भी भारी मालवाही गाड़ी को चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। आवश्यकता पड़ने पर परिस्थितियों के अनुसार यातायात नियंत्रण से जुड़े अन्य निर्णय भी लिए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि न्यू गड़िया से कोलकाता एयरपोर्ट तक मेट्रो लाइन के विस्तार के लिए चिंगड़ीघाटा मोड़ पर आंशिक यातायात नियंत्रण की अनुमति कोलकाता मेट्रो प्रबंधन ने मांगी थी। लेकिन यह काम लंबे समय से अटका हुआ था।
आरोप है कि पिछली सरकार किसी भी तरह से यातायात नियंत्रण की अनुमति नहीं दे रही थी जिसके कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब राज्य में भाजपा की नई सरकार के आने के बाद संभावना जतायी जा रही है कि इस मामले में काम तेजी से आगे बढ़ सकता है।