🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आंधी-बारिश का तांडव, उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या 100 पर पहुंची, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने जतायी संवेदनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक संदेश लिखा है। इसमें उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

By Moumita Bhattacharya

May 15, 2026 01:15 IST

उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में गत बुधवार (13 मई) को आयी आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचायी है। मौसम की मार की वजह से सड़कें बंद हो गयी है, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ कर गिर गए हैं। कई जिलों में घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इन तूफानों की वजह से अब तक करीब 100 लोगों की जान जा चुकी है। उत्तर प्रदेश में आए इस तबाही के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

बताया जाता है कि राहत व बचाव कार्य शुरू हो चुके हैं। विद्युतापूर्ति और परिवहन व्यवस्थाएं भी ठप हो गयी हैं। आज तक की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा प्रयागराज जिला प्रभावित हुआ है, जहां करीब 21 लोगों की मौत हो गयी है।

राष्ट्रपति पुतिन ने जतायी संवेदनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक संदेश लिखा है। अपने संदेश में उन्होंने लिखा है कि उत्तर प्रदेश में चक्रवात की वजह हुए भारती जान-माल के नुकसान और बड़े पैमाने पर तबाही पर कृपया मेरी संवेदनाएं स्वीकार करें। कृपया उन सभी लोगों के परिजनों तक मेरी सहानुभूति और समर्थन के शब्द पहुंचाएं जिनकी इस प्राकृतिक आपदा में जान चली गयी है।

साथ ही उन्होंने इस आपदा में घायल सभी लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं भी दी हैं।

Read Also | उत्तर प्रदेश में भीषण आंधी-बारिश से तबाही, कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

कौन सा जिला कितना प्रभावित

मीडिया रिपोर्ट की मानें तो सबसे ज्यादा प्रयागराज जिले पर प्रभाव पड़ा है जहां 21 लोगों की जान चली गयी है। वहीं भदोही में 18 लोगों, मिर्ज़ापुर में 15, फतेहपुर में 10 लोगों, उन्नाव में 6 लोगों, बदायूं में 6 लोगों, प्रतापगढ़ में 4 लोगों और बरेली में 4 लोगों के मारे जाने की जानकारी मिली है। इसके साथ ही सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई, संभल, कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर में भी लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आयी है।

Articles you may like: