प्रश्नपत्र लीक हो जाने की वजह से गत मंगलवार को NEET-UG 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गयी थी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार के साथ बात करके ही इसे रद्द करने की घोषणा की थी। अब NTA ने इस परीक्षा की नई तारीख की घोषणा कर दी है। NEET-UG 2026 की पुनः-परीक्षा अगले रविवार यानी 21 जून को होने वाली है।
इससे पहले वाली परीक्षा 3 मई को ली गयी थी, जिसके प्रश्नपत्र लीक होने का आरोप सामने आया था। इन आरोपों के सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने NEET-UG 2026 की परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी।
प्रश्नपत्र लीक के आरोपों और विवाद के चलते पूरे देश में मेडिकल पढ़ाई की तैयारी कर रहे छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई की NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया। केंद्रीय जांच एजेंसियों से प्राप्त जानकारी और संगठन की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से यह निर्णय लिया गया था।
Read Also | ‘इस बार मेडिकल सीट पक्की थी’, प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा रद्द होने से टूट गया नीट अभ्यर्थी
पुनः-परीक्षा को लेकर NTA ने बताया है कि परीक्षार्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। पिछला पंजीकरण, परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थिता (कैंडिडेचर) यथावत बने रहेंगे। परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। NEET-UG पुनर्परीक्षा का पूरा कार्यक्रम, एडमिट कार्ड और अन्य दिशा-निर्देश NTA द्वारा जारी कर दिया जाएगा। बताया जाता है कि यह सभी जरूरी जानकारी बहुत जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
📢 NEET (UG) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा
— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 15, 2026
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET (UG) 2026 की पुनः-परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।
परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।…
परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले से देशभर के लगभग 24 लाख परीक्षार्थी अनिश्चितता की स्थिति में आ गए थे। बड़ी संख्या में परीक्षा छुट्टियों में घर चले गए थे लेकिन अब वे दोबारा तैयारी के लिए कोचिंग संस्थानों में लौट रहे हैं। विभिन्न कोचिंग सेंटरों ने नए सिरे से रिवीजन क्लास और मॉक टेस्ट शुरू कर दिए हैं। नई तैयारी को फिर से शुरू करने को लेकर परीक्षार्थियों में चिंताएं भी बढ़ गई है।
दूसरी ओर, NEET-UG 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच सीबीआई ने शुरू कर दी है। अब तक कई राज्यों में छापेमारी की जा चुकी है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
जांच में यह सामने आया है कि प्रश्नपत्र की हस्तलिखित कॉपी बनाकर उसे स्कैन किया गया और फिर पीडीएफ के रूप में फैलाया गया। आरोप है कि अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर यह प्रश्नपत्र उन्हें उपलब्ध कराया गया। इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच अभी जारी है।