🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आज से पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में प्रति लीटर तीन-तीन रुपए की बढ़ोतरी, सीएनजी भी महंगी

पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में आज शुक्रवार को तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। सीएनजी की क़ीमत में भी दो रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है।

By लखन भारती

May 15, 2026 12:41 IST

नयी दिल्लीः तेल कंपनियों ने वैश्विक ऊर्जा क़ीमतों में आई तेज़ी का बोझ अब उपभोक्ताओं पर भी डालना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़ाकर 97.77 रुपये प्रति लीटर कर दी गई। वहीं डीज़ल अब 87.67 रुपये के मुक़ाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

तेल इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बताया, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल की खुदरा क़ीमत अब क्रमशः 106.68 रुपये, 108.74 रुपये और 103.67 रुपये प्रति लीटर होगी।

दूसरी ओर डीज़ल मुंबई में 93.14 रुपये, कोलकाता में 95.13 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

भारत अब तक पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में बढ़ोतरी से बचता रहा था।

ईंधन की क़ीमतें अप्रैल 2022 से स्थिर थीं। हालांकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल और डीज़ल दोनों की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी।

सरकारी कंपनियां इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने अप्रैल 2022 में दैनिक मूल्य संशोधन प्रणाली को बंद कर दिया था।

इस साल फ़रवरी तक भारत कच्चे तेल का आयात लगभग 69 डॉलर प्रति बैरल की औसत क़ीमत पर किया था जो बाद के महीनों में बढ़कर औसतन क़ीमत 113-114 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई।


'महंगाई मैन मोदी...', तेल के दाम बढ़ने पर विपक्ष का हल्लाबोल, कांग्रेस ने साधा निशाना, क्या बोले अखिलेश ?

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई को लेकर विपक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। तृणमूल कांग्रेस ने भी वैट कम करने को लेकर बंगाल सरकार पर निशाना साधा है।

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और केंद्र सरकार पर चुनाव के तुरंत बाद आम आदमी पर बोझ डालने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को "महंगाई मैन मोदी" बताया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने जनता से महंगाई वसूलनी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा, "चुनाव खत्म, मोदी की चंदा वसूली शुरू।" कांग्रेस ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर महंगाई और बढ़ती महंगाई से जूझ रहे नागरिकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालने का आरोप लगाया है।

तृणमूल कांग्रेस ने साधा निशाना

तृणमूल कांग्रेस ने तेल के दाम बढ़ने को बेहद अनुमानित बताया है और सवाल उठाया कि क्या पश्चिम बंगाल की नई बीजेपी सरकार लोगों पर बोझ कम करने के लिए पेट्रोल पर वैट कम करेगी। तृणमूल सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा, 'पहले तो वे आपका वोट लूटते हैं, फिर आपको वहीं चोट पहुंचाते हैं जहां सबसे ज्यादा दर्द होता है। डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ गईं। क्या अब बंगाल की बीजेपी सरकार पेट्रोल और डीजल पर वैट घटाएगी ?'

क्या बोले अखिलेश यादव ?

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट किया और सरकार पर तंज कसते हुए लिखा, "अगर आगे बढ़ना है तो साइकिल ही एकमात्र विकल्प है।" उन्होंने साइकिल चलाते हुए अपनी एक तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा, "हमने पहले ही कहा था कि हम साइकिल से ही सफर करते रहेंगे!" साइकिल समाजवादी पार्टी का प्रतीक चिन्ह भी है।

Articles you may like: