पटनाः पेट्रोल-डीजल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद आरजेडी ने प्रधानमंत्री मोदी का नाम लेते हुए निशाना साधा है। शुक्रवार (15 मई, 2026) को आरजेडी ने अपने एक्स हैंडल से एक पोस्टर जारी करते हुए मोदी सरकार पर हमला किया।
पोस्टर पर तंज कसते हुए लिखा गया है, "चाहे तो रेट और पांच रुपये बढ़ा दो मोदी जी, लेकिन आप काजू की रोटी के साथ-साथ पिस्ता, बादाम और छुहारे का अचार भी खाओ। 5 राज्यों में चुनाव प्रचार कर-कर के आप थक गए होंगे."
'खान-पान में कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी'
सरकार पर हमलावर आरजेडी ने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, "चाहे देश पर आर्थिक संकट आए या वैश्विक ऊर्जा विपदा, मोदी जी, एवं समस्त भाजपाइयों, उनके मंत्री-संतरी तथा नागपुरी संतरों की शान, पहनान और खान-पान में कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी! काजू की रोटी और आयातित मशरूम की सब्जी जारी रहे! सम्राट चौधरी के 100 गाड़ियों के काफिले वाला भौकाल भी जारी रहे! अगर इसमें कोई कमी आ गई तो "अमृतकाल" विषैला नहीं हो जाएगा?"
आगे लिखा गया है, "ED, IT, CBI, ECI के भ्रष्ट अधिकारियों का खर्चा भी तो आप ही को निकालना है! उनका पोस्ट रिटायरमेंट रिक्वायरमेंट स्कीम और पोस्टिंग भी तो आपको ही देखना है! आपसे ही तो पूरा देश है! देश तो बाद में आया! पहले तो आप ही आए थे! जय हो परमपूज्यपाद श्री श्री 108 मोदी जी की! जय हो अमृतकाल की! जय हो अंधभक्ति एवं अंधभक्तों की!"
मनोज झा बोले- सरकार को लोकसंवेदना से मतलब नहीं
उधर आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी पर कहा, "इस सरकार को लोकसंवेदनाओं से कोई मतलब नहीं है। इस देश में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' से बहुत नुकसान होगा। मैं चाहता हूं कि 12 महीने चुनाव हो क्योंकि यह सरकार चुनाव से डरती है... इसका (ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी) कई क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ेगा..."