🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अमेरिका-चीन संबंधों में सुधार और बड़े विमान सौदे का दावा,चीन ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलने में सहयोग का दिया संकेत

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर फोकस

बीजिंग : वैश्विक ऊर्जा संकट और ईरान-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति तेज हो गई है। इस स्थिति में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खोलने में सहयोग का संकेत दिया है। ट्रंप के अनुसार विश्व अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने के लिए इस जलमार्ग का खुला रहना अत्यंत आवश्यक है और इस मुद्दे पर दोनों देशों पके शीर्ष नेतृत्व में सहमति बनी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तीन दिवसीय चीन दौरे पर पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की जिसमें व्यापारिक मुद्दों के साथ-साथ पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ट्रंप का कहना है कि इसी बैठक में हॉर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को सुचारु रखने के मुद्दे पर बातचीत हुई। बैठक के बाद फॉक्स न्यूज को दिए गए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलने में सहायता देने की इच्छा व्यक्त की है। ट्रंप के अनुसार चीन के राष्ट्रपति एक समझौता देखना चाहते है और उन्होंने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलने में मदद की पेशकश की है।

व्हाइट हाउस के अधिकारियों के अनुसार बैठक के दौरान यह भी चर्चा हुई कि वर्तमान में कच्चे तेल की कीमतें प्रति बैरल 100 डॉलर से अधिक हो चुकी है जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। ट्रंप और शी जिनपिंग दोनों इस बात पर सहमत दिखाई दिए कि ऊर्जा संसाधनों की निर्बाध आपूर्ति के लिए हॉर्मुज जलडमरूमध्य का खुला रहना अनिवार्य है।

सूत्रों के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यह भी संकेत दिया कि वह हॉर्मुज मार्ग से गुजरने वाले व्यापार के लिए ईरान को किसी प्रकार की अतिरिक्त आर्थिक बाधा नहीं देना चाहते। साथ ही यह भी कहा गया कि चीन अपनी ऊर्जा निर्भरता को कम करने के लिए अमेरिका से अधिक ऊर्जा खरीदने पर विचार कर सकता है। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया कि चीन ने अमेरिका और इज़रायल के खिलाफ ईरान को सैन्य सहायता या हथियार उपलब्ध न कराने का आश्वासन दिया है। इस पूरे घटनाक्रम को उन्होंने अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते कूटनीतिक सहयोग का हिस्सा बताया।

ट्रंप के अनुसार पश्चिम एशिया का मौजूदा संघर्ष केवल क्षेत्रीय मुद्दा नहीं है बल्कि यह वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को सीधे प्रभावित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वाशिंगटन और बीजिंग के बीच बातचीत में सकारात्मक प्रगति हुई है और दोनों देशों के संबंधों में स्थिरता की संभावना बढ़ी है। इसके अलावा ट्रंप ने यह भी दावा किया कि चीन ने अमेरिका से लगभग 200 बोइंग विमान खरीदने पर सहमति जताई है जो दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगा। इस पूरे घटनाक्रम ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर वैश्विक कूटनीति को एक नए मोड़ पर ला दिया है जहां ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और भू-राजनीतिक हित एक साथ जुड़े नजर आ रहे हैं।

Articles you may like: