न्यूरबर्ग : भारत के रेसिंग ड्राइवर अर्जुन मैनी ने 24 आवर्स ऑफ न्यूरबर्गरिंग की क्वालिफाइंग-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी जीटी3 ग्रिड में चार बार के फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन मैक्स वर्स्टैपेन को टाइमशीट में पीछे छोड़ दिया। अर्जुन मैनी हाउपट रेसिंग टीम (एचआरटी) फोर्ड परफॉर्मेंस के लिए ड्राइव कर रहे हैं।
एसपी9 श्रेणी जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मुख्य श्रेणी मानी जाती है उसमें अर्जुन मैनी ने #64 फोर्ड मस्टैंग जीटी3 कार से 8 मिनट 11.278 सेकंड का लैप टाइम दर्ज किया। न्यूरबर्गरिंग नॉर्डश्लाइफ ट्रैक पर आयोजित दूसरे क्वालिफाइंग सत्र में भारतीय ड्राइवर ने एसपी9 वर्ग में कुल चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने मैक्स वर्स्टैपेन की मर्सिडीज-एएमजी जीटी3 एंट्री को पीछे छोड़ा जिसने 8 मिनट 11.614 सेकंड का लैप टाइम दर्ज किया।
यह उपलब्धि ऐसे मुकाबले में आई जिसमें कुल 161 कारें हिस्सा ले रही हैं। इस प्रतिष्ठित एंड्योरेंस रेस में 20 से अधिक श्रेणियां शामिल हैं और इसे वैश्विक मोटरस्पोर्ट की सबसे विविध और प्रतिस्पर्धी ग्रिड में से एक माना जाता है। इस वर्ष की प्रतियोगिता पिछले एक दशक में सबसे बड़े शुरुआती ग्रिड के साथ आयोजित की जा रही है।
अर्जुन मैनी ने अपने प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न्यूरबर्गरिंग में प्रतिस्पर्धी रहना हमेशा खास होता है क्योंकि यहां का स्तर बेहद ऊंचा है। एसपी9 श्रेणी में फैक्ट्री ड्राइवर और शीर्ष टीमें मौजूद हैं इसलिए इस तरह का लैप निकालना काफी संतोषजनक है। पूरे सत्र के दौरान कार मजबूत महसूस हो रही थी और हम सेटअप में लगातार सुधार कर रहे हैं। रेस से पहले अभी भी काफी काम बाकी है लेकिन हमारे लिए यह निश्चित रूप से सकारात्मक शुरुआत है।
अर्जुन मैनी अपने साथियों फैबियो शेरर, डेविड शूमाकर और फ्रैंक स्टिपलर के साथ एचआरटी टीम के लिए न्यूरबर्गरिंग 24 आवर्स में हिस्सा ले रहे हैं। अर्जुन उस समय टीम से जुड़े थे जब एचआरटी मर्सिडीज-एएमजी कारों से फोर्ड के नए मस्टैंग जीटी3 कार्यक्रम की ओर बदलाव कर रही थी।
भारतीय रेसर फोर्ड के जीटी3 अभियान की शुरुआत से ही फैक्ट्री ड्राइवर के रूप में जुड़े हुए हैं। वर्ष 2025 मस्टैंग जीटी3 ईवो पैकेज का पहला सीजन भी है।
प्रतियोगिता से पहले अर्जुन मैनी ने फोर्ड और एचआरटी के साथ नए कार्यक्रम को विकसित करने की चुनौती और उत्साह पर भी बात की।
उन्होंने कहा कि यह खास है क्योंकि मैंने यह सफर उनके साथ मिलकर शुरू किया। मैं फोर्ड के साथ फैक्ट्री ड्राइवर के रूप में जुड़ा और यह यात्रा अब तक शानदार रही है। जब आप एक स्थापित सिस्टम और सफल कार को छोड़ते हैं तो यह हमेशा जोखिम भरा फैसला होता है। लेकिन मेरे लिए और टीम के लिए यह बेहद रोमांचक चुनौती थी। यूरोप की बेहतरीन चैंपियनशिप में इतनी शानदार कार के साथ दौड़ने का मौका मिलना बहुत खास अनुभव है। हम उम्मीद से ज्यादा मजबूत साबित हुए हैं और मुझे लगता है कि इस साल हम इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
अब न्यूरबर्गरिंग 24 आवर्स अपने अंतिम क्वालिफाइंग सत्र की ओर बढ़ रही है। इसके बाद इस सप्ताहांत प्रतिष्ठित नॉर्डश्लाइफ ट्रैक पर 24 घंटे चलने वाली ऐतिहासिक एंड्योरेंस रेस शुरू होगी जहां अर्जुन मैनी और एचआरटी फोर्ड परफॉर्मेंस की टीम अपनी शानदार गति को बड़े परिणाम में बदलने की कोशिश करेगी।