गर्मी में त्वचा की देखभाल के लिए विटामिन C बेहद उपयोगी है। जब शरीर में कोलेजन का स्तर कम हो जाता है, तब त्वचा ढीली लगने लगती है और झुर्रियां नजर आने लगती हैं। कोलेजन निर्माण में विटामिन C की भूमिका अहम है।
रोजाना विटामिन C से युक्त भोजन खाने से त्वचा स्वस्थ रहती है, खाने के साथ साथ विटामिन C से बने फेस पैक भी आपकी त्वचा के लिए बेहद लाभदायक साबित होता है। इसके इस्तेमाल से त्वचा तरोताजा दिखती है।
विटामिन C युक्त फेस पैक त्वचा को ताजगी और निखार देता है, दाग-धब्बों और पिंपलों को कम करता है और चेहरे के अतिरिक्त तैलीयपन को नियंत्रित करता है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
संतरे से बने फेस पैक के फायदे :
संतरे के छिलके को पीसकर 1 चम्मच दही और 1 चम्मच शहद मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर 15 से 20 मिनट लगाएं, फिर धो लें। यह पैक त्वचा को चमकदार बनाता है और दाग, झुर्रियों व मुंहासों से बचाता है।
ग्लिसरीन फेस पैक :
गर्मी में त्वचा को हाइड्रेशन की जरूरत होती है। 1 चम्मच विटामिन C पाउडर में 2 चम्मच ग्लिसरीन मिलाकर चेहरे पर 15 मिनट लगाएं। हल्के हाथ से मसाज करें और धो लें। इसे हफ्ते में 3 बार इस्तेमाल किया जा सकता है।
एलोवेरा फेस पैक :
1 चम्मच विटामिन C पाउडर, 1 चम्मच एलोवेरा जेल और थोड़ी मात्रा में गुलाब जल मिलाएं। इसे 20 से 25 मिनट चेहरे पर लगाएं और फिर धो लें। यह पैक त्वचा की सूजन कम करता है, चेहरे को तरोताजा बनाता है और सूर्यजनित नुकसान से बचाता है।
इन प्राकृतिक फेस पैक्स की मदद से गर्मियों में त्वचा को स्वस्थ रखा जा सकता है। साथ ही ये त्वचा में निखार और प्राकृतिक सौंदर्य भी बनाए रखते हैं।