एक समय तक आलू को सिर्फ खाने की चीज माना जाता था, लेकिन अब यह स्किन केयर का भी अहम हिस्सा बनता जा रहा है। प्राकृतिक उपायों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच लोग आलू का इस्तेमाल त्वचा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए करने लगे हैं।
दरअसल आलू में विटामिन C, B-कॉम्प्लेक्स, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। साथ ही यह आसानी से उपलब्ध है और आमतौर पर इसके इस्तेमाल से कोई साइड इफेक्ट नहीं होता।
दाग-धब्बों पर असरदार
आलू का रस त्वचा को निखारने के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। यह पिग्मेंटेशन, टैनिंग, डार्क स्पॉट और स्ट्रेच मार्क्स को हल्का करने में मदद करता है। इसमें मौजूद विटामिन C कोलेजन के निर्माण को बढ़ाता है। जिससे त्वचा में कसाव और चमक बनी रहती है। इसके नियमित इस्तेमाल से स्किन साफ, मुलायम और फ्रेश दिखने लगती है।
डार्क सर्कल में राहत
नींद की कमी या ज्यादा स्क्रीन टाइम की वजह से आंखों के नीचे काले घेरे और सूजन हो सकती है। ऐसे में आलू का रस ठंडक पहुंचाकर आंखों को आराम देता है। कॉटन की मदद से इसे 10 से 15 मिनट तक आंखों के नीचे लगाने से डार्क सर्कल कम हो सकते हैं और त्वचा तरोताजा नजर आती है।
ऑयली स्किन और पिंपल्स में मददगार
जिन लोगों की त्वचा ऑयली है, उनके लिए भी आलू का रस फायदेमंद हो सकता है। यह अतिरिक्त तेल को नियंत्रित करने में मदद करता है और पोर्स को साफ रखता है, जिससे पिंपल्स की समस्या कम हो सकती है।
कैसे करें इस्तेमाल?
एक कच्चे आलू को कद्दूकस या पीस लें और उसका रस निकाल लें। इस रस को सीधे चेहरे पर लगाया जा सकता है। कुछ देर बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें।
नियमित और सही तरीके से इस्तेमाल करने पर आलू त्वचा की देखभाल में एक सरल और असरदार घरेलू उपाय साबित हो सकता है।