घरेलू नुस्खों को लंबे समय से प्रभावी माना जाता रहा है और लोग आज भी उन पर भरोसा करते हैं। महंगे कॉस्मेटिक उत्पादों के साथ-साथ घरेलू उपायों का उपयोग भी काफी लोकप्रिय है। यहां तक कि कई लाइफस्टाइल इन्फ्लुएंसर भी समय-समय पर इन नुस्खों को अपनाने की सलाह देते हैं। चूंकि इन उपायों में अधिकतर प्राकृतिक सामग्री का उपयोग होता है, इसलिए इन्हें सुरक्षित मान लिया जाता है। लेकिन यह जरूरी नहीं है कि हर घरेलू नुस्खा त्वचा के लिए फायदेमंद ही हो।
हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है और उसकी समस्याएं भी भिन्न होती हैं। ऐसे में कोई भी घरेलू उपाय सभी पर समान रूप से असर करे, यह जरूरी नहीं है। प्राकृतिक तत्वों में भी कई प्रकार के रासायनिक घटक होते हैं, जो त्वचा पर असर डाल सकते हैं। इसलिए त्वचा के प्रकार और समस्या को समझे बिना इनका उपयोग करने से लाभ के बजाय नुकसान भी हो सकता है।
मुंहासों से राहत पाने के लिए कुछ लोग चेहरे पर नींबू का रस या टूथपेस्ट लगाते हैं, लेकिन ये तरीके त्वचा के लिए हानिकारक हो सकते हैं। नींबू का रस त्वचा का pH संतुलन बिगाड़ सकता है और इसे अधिक संवेदनशील बना सकता है। इसी तरह बेकिंग सोडा और चीनी जैसी चीजें त्वचा पर लगाने से वह रूखी हो सकती है और उसकी प्राकृतिक नमी व तेल की परत को नुकसान पहुंचता है।
कुछ लोग त्वचा को कसाव देने के लिए अंडे के सफेद हिस्से का उपयोग करते हैं, लेकिन इससे एलर्जी होने की आशंका रहती है।
हालांकि कुछ प्राकृतिक सामग्री सीमित मात्रा में और सही तरीके से उपयोग की जाए तो लाभकारी हो सकती है। जैसे दही, हल्दी, बेसन, ओटमील, शहद और एलोवेरा त्वचा की देखभाल में सहायक माने जाते हैं। हल्दी सूजन कम करने में मदद करती है, ओटमील संवेदनशील त्वचा को आराम देता है, शहद त्वचा को नमी प्रदान करता है, दही त्वचा की सफाई और एक्सफोलिएशन में सहायक होता है, जबकि एलोवेरा त्वचा को शांत और स्वस्थ रखने में मदद करता है।
इसलिए यह समझना जरूरी है कि केवल प्राकृतिक होने का मतलब यह नहीं है कि कोई चीज पूरी तरह सुरक्षित ही हो। सही जानकारी और सावधानी के साथ ही इनका उपयोग करना चाहिए।