🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मालदह में तनाव : प्रदर्शनकारियों के पत्थर से टूटा SP के एस्कॉर्ट कार का शीशा, फूटा ड्राइवर का सिर

मालदह के इंग्लिशबाजार इलाके के यदुपुर में पुलिस सुपर के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया।

By Moumita Bhattacharya

Apr 02, 2026 18:26 IST

मालदह के विभिन्न इलाकों में गुरुवार (2 अप्रैल) की सुबह से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। कहीं पथावरोध तो कहीं टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा था। हर जगह पर सिर्फ एक ही मुद्दे पर विरोध किया जा रहा था - दस्तावेजों के रहते हुए मतदाता सूची से नाम नहीं हटाया जा सकता है। इस घटना को केंद्र कर मालदह के इंग्लिशबाजार इलाके के यदुपुर में पुलिस सुपर के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया।

यहां प्रदर्शनकारियों द्वारा फेंके गए ईंट से एस्कॉर्ट कार का ड्राइवर घायल हो गया। उसे मालदह मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती किया गया है। स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यदुपुर में विरोध-प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस सुपर अपने काफिले के साथ मौके पर जा रहे थे। आरोप है कि एसपी के काफिले की पहली गाड़ी पर अचानक पत्थरबाजी की गयी। बताया जाता है कि पत्थरबाजी की इस घटना में एस्कॉर्ट कार का शीशा टूट गया और साथ ही ड्राइवर को चोट लग गयी।

Read Also | ‘कौन किया पता नहीं, पर योजना बनाकर किया गया’- मालदा घटना पर ममता बनर्जी का चुनाव आयोग और भाजपा पर हमला

गौरतलब है कि बुधवार से ही वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के विरोध में मोथाबाड़ी के कालियाचक में विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। SIR का काम कर रहे न्यायाधीशों को रोक कर प्रदर्शन किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस घटना की तीव्र निंदा की है। राज्य सरकार को इस मामले में लताड़ा भी है। दूसरी ओर मुर्शिदाबाद के सागरदिघी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को पूर्वनिर्धारित करार दिया है।

उन्होंने अधिकारियों के तबादले का मुद्दा उठाते हुए दावा किया है कि जो अधिकारी इन जिलों से अच्छी तरह से वाकिफ थे, चुनाव से पहले उन्हें हटाकर नए चेहरों को लाया गया है।

गुरुवार को वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विरोध में मालदह के इंग्लिशबाजार, मानिकचक में पथावरोध किया गया। कहीं टायर जलाया गया तो कहीं सड़क पर बांस डालकर अवरोध किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने इंग्लिशबाजार विधानसभा केंद्र के यदुपुर-2 ग्रामपंचायत के यदुपुर हाईस्कूल मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि वे वैध मतदाता हैं लेकिन उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। वहीं मानिकचक स्टैंड पर भी आंदोलन किया गया जिसमें सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं व पुरुष शामिल हुए।

Articles you may like: