इस समय इंटरनेट पर मेगा बजट की फिल्म 'रामायण' ही छाया हुआ है। हनुमान जयंती (2 अप्रैल) के मौके पर मेकर्स ने जैसे ही फिल्म का टीजर रिलीज किया, पूरी तरह से हलचल मच गयी। यह फिल्म भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
फिल्म के टीजर के साथ ही भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) का लुक भी रिवील कर दिया गया है। हालांकि टीजर में और भी कई किरदारों को दिखाया तो गया है लेकिन इनमें से न तो किसी का चेहरा दिखा है और न ही किसी का फर्स्ट लुक। फिल्म का निर्देशन नितीश तिवारी कर रहे हैं।
इस सीन ने फैंस को किया भावुक
फिल्म 'रामायण' के टीजर में श्रीराम को युवराज घोषित करने से लेकर उनके वन प्रस्थान, राजा दशरथ की चिता के भस्म को जल में प्रवाहित करना और वन में राक्षशों के साथ श्री राम की हुई लड़ाईयों की हल्की झलक दिखाई गयी है। लेकिन टीजर के एक सीन ने फैंस को सबसे ज्यादा भावुक कर दिया है। एक सीन में राजा दशरथ अपने बेटे श्रीराम को मुकुट पहनाते दिखाई देते हैं, जिससे पता चलता है कि दशरथ ने श्रीराम को दिल से अयोध्या का राजा मान लिया था। फैंस इस सीन को काफी दमदार मान रहे हैं और भावुक भी हो रहे हैं।
फीस को लेकर मचा शोर
फिल्म 'रामायण' को लेकर सबसे ज्यादा जो बात इस वक्त इंटरनेट पर चर्चाओं में छाया हुआ है, वह है कलाकारों की फीस। NDTV की मीडिया रिपोर्ट की मानें तो यह पूरी फिल्म 4000 करोड़ रुपए की भारी-भरकम मेगा बजट में बनायी जा रही है। फिल्म में श्रीराम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर को 150 करोड़ रुपए और रावण का किरदार निभा रहे यश को लगभग 100 करोड़ रुपए बतौर फीस देने की चर्चाएं हो रही हैं।
इसके अलावा माता सीता का किरदार निभा रही साई पल्लवी की फीस करीब 12 करोड़ रुपए, सनी देओल की फीस 20 से 40 करोड़ रुपए और रवि दुबे की फीस 2 से 4 करोड़ रुपए बतायी जाती है। रकुल प्रीत सिंह ने 1 से 2 करोड़ रुपए की फीस ली है।
क्या अगला लुक रावण का होगा रिवील? X क्या है Star-Cast?
श्रीराम : रणबीर कपूर
माता सीता : साई पल्लवी
लक्ष्मण : रवि दूबे
हनुमान : सनी देओल
दशानन रावण : यश (KGF स्टार)
राजा दशरथ : अरुण गोविल (जिन्होंने रामानंद सागर के सीरियल रामायण में श्रीराम का किरदार निभाया था)
शूर्पनखा : रकुल प्रीत सिंह
रानी कैकेई : लारा दत्त
अभी भी कई महत्वपूर्ण किरदारों जैसे कौशल्या, सुमित्रा, भरत, शत्रुघ्न, मंदोदरी, जटायु, विभीषण, कुंभकर्ण, मारीच, मेघनाद, सुग्रीव, जामवंत आदि से पर्दा हटना बाकी है। फिल्म के टीजर को देखकर संभावना जतायी जा रही है कि अगला लुक रावण यानी यश का रिवील किया जा सकता है।
फिल्म में VFX और AI का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। यह फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म कोई कमाल दिखा पाती है या फिर इसे भी दर्शक 'आदिपुरुष' की तरह नकार देते हैं।