🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ईरान-इजराइल तनाव के बीच 6.24 भारतीयों की सुरक्षित वापसी, सरकार ने जारी किया आंकड़ा

संघर्ष के दूसरे महीने में बढ़ा संकट, सरकार ने बताया कैसे लाखों भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 02, 2026 17:35 IST

नई दिल्ली: भारत सरकार ने गुरुवार को बताया कि पश्चिम एशिया में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के बीच अब तक 6 लाख से ज्यादा यात्री भारत वापस आ चुके हैं। यह स्थिति ऐसे समय में बनी है जब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है।

विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने राजधानी में आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की स्थिति पर भी जानकारी दी और कहा कि क्षेत्र में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा, संरक्षण और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 28 फरवरी से अब तक लगभग 6,24,000 लोग इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और परिचालन कारणों को ध्यान में रखते हुए यूएई और भारत के बीच सीमित संख्या में विशेष उड़ानें चलाई जा रही हैं और आज करीब 90 उड़ानों के संचालन की संभावना है।

उन्होंने यह भी बताया कि सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के लिए उड़ानें जारी हैं। कतर के हवाई क्षेत्र के आंशिक रूप से खुलने के बाद कतर एयरवेज की आज 8 से 10 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। हालांकि कुवैत और बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है। इन देशों के यात्रियों की आवाजाही के लिए कुवैत की जज़ीरा एयरवेज और बहरीन की गल्फ एयर सऊदी अरब के दमाम हवाई अड्डे से विशेष उड़ानें चला रही हैं।

महाजन ने बताया कि उड़ानों पर प्रतिबंध और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण भारत सरकार वैकल्पिक मार्गों के जरिए भी नागरिकों की वापसी सुनिश्चित कर रही है। ईरान से लोगों को आर्मेनिया और अज़रबैजान के रास्ते, इजराइल से मिस्र और जॉर्डन के जरिए, इराक से जॉर्डन और सऊदी अरब के माध्यम से तथा कुवैत और बहरीन से सऊदी अरब के रास्ते भारत लाया जा रहा है।

यूएई में बुधवार को हुई घटना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि उम्म अल क्वैन में ड्रोन के मलबे से एक भारतीय नागरिक घायल हो गया था, जिसका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। भारतीय वाणिज्य दूतावास उसकी हर संभव मदद कर रहा है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। भारतीयों की सहायता के लिए विशेष नियंत्रण कक्ष सक्रिय है और क्षेत्र में स्थित भारतीय मिशन 24 घंटे काम कर रहे हैं। छात्रों, कामगारों, नाविकों और प्रवासी भारतीयों को नियमित रूप से जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

Articles you may like: