नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आने वाले महीनों को लेकर अहम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक अप्रैल से जून के बीच पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा लू चलने की संभावना है।
इस अवधि में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा कम रह सकता है। हालांकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने यह भी बताया कि गर्मी के मौसम यानी अप्रैल-मई-जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। वहीं महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ इलाकों में रात का तापमान सामान्य या उससे कम रहने की उम्मीद है।
अप्रैल महीने के लिए जारी अनुमान में कहा गया है कि देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या थोड़ा कम रह सकता है, लेकिन पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है।
बारिश को लेकर भी आईएमडी ने राहत भरी खबर दी है। अप्रैल 2026 में पूरे देश में औसतन वर्षा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
कुल मिलाकर, आने वाले महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी और लू का असर अलग-अलग स्तर पर देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।