पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में एक नया चेहरा नजर आने वाला है। प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस (Leander Paes) ने तृणमूल को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। क्या बंगाल विधानसभा के चुनावी मैदान में उतरेंगे?
मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार की उपस्थिति में वह भाजपा में शामिल हुए। साल 2021 में गोवा चुनाव से पहले लिएंडर पेस तृणमूल में शामिल हुए थे। अब बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हुए हैं।
बांधे नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल
भाजपा में शामिल होते ही लिएंडर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधने लगे। उन्होंने कहा कि आज मेरे जीवन का एक बेहद महत्वपूर्ण दिन है। युवाओं के लिए काम करने का मौका मिलेगा, देश और देशवासियों की सेवा करने का मौका मिलेगा। भाजपा परिवार ने मुझे जो मौका दिया है मैं उसके लिए उनका शुक्रगुजार हूं। लिएंडर ने आगे कहा कि इस नई जिम्मेदारी में मैं और बेहतर तरीके से सीखना चाहता हूं। जीवन के 40 साल मैंने देश के लिए खेला है। अब नए फिल्ड में काम करूंगा।
Read Also | भाजपा की चौथी सूची - चौरंगी से संतोष पाठक और बागदा से शांतनु ठाकुर की पत्नी चुनावी मैदान में
गौरतलब है कि पिछले मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बंगाल आए थे। बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उनके लिएंडर पेस के साथ मुलाकात को लेकर उसी समय से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था। उसके अगले सप्ताह ही यानी आज (31 मार्च) लिएंडर पेस भाजपा में शामिल हो गए हैं। अब देखने वाली बात है कि क्या बंगाल विधानसभा के चुनावी मैदान में भाजपा लिएंडर पेस को उतारती है?
बता दें, भाजपा ने आज सुबह ही उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की है, जिसमें 13 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गयी है। अभी भी कुछ सीटें ऐसी हैं, जिनपर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा बाकी है।