तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) इन दिनों राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चुनावी सभाओं को संबोधित करने में व्यस्त हैं। आमतौर पर ममता बनर्जी के सभा में पहुंचने के बाद भी स्थानीय नेता अपना भाषण देते हैं जिसके बाद उन्हें अपना भाषण देने के लिए पोडियम पर आमंत्रित किया जाता है।
लेकिन सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेलदा में चुनावी सभा के दौरान खुद सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभा मंच पर उनके पहुंचने से पहले ही सभी नेताओं को अपना भाषण खत्म कर लेना होगा। पर अचानक उन्होंने ऐसा क्यों किया?
ममता बनर्जी ने अपने निर्देश में कहा
बेलदा में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंची ममता बनर्जी को जैसे ही पोडियम पर भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया तो उन्होंने कहा कि वह मंच पर बैठी रहेंगी और छोटे-बड़े-मझले नेता भाषण देते रहेंगे, ऐसा नहीं चलेगा। ममता बनर्जी ने नाराज होते हुए कहा कि मुझे मंच पर बैठाकर छोटे-बड़े नेता भाषण देते रहेंगे अगर ऐसा हुआ तो मेरे लिए एक जगह से दूसरी जगह पर जाना संभव नहीं होगा। जिन्हें भाषण देना है अगर वे मेरे आने से पहले ही अपना भाषण खत्म कर लें तो इससे मुझे कोई समस्या नहीं होगी।
Read Also | सीईओ कार्यालय में हंगामा: TMC ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता का उठाया मुद्दा
पर अचानक ऐसा क्या हुआ कि ममता बनर्जी मंच पर बैठे रहने से गुस्सा हो गयी और उन्होंने इसे जाहिर करते हुए ऐसी बात कह डाली?
क्यों कही ऐसी बात?
दरअसल, बेलदा की सभा में ममता बनर्जी दिन में 12 बजे पहुंची और 12.05 बजे वह मंच पर गयी। मंच पर उनके पहुंचने के बाद भाषण देने के लिए पहले मिदनापुर की सांसद जून मालिया का नाम घोषित किया गया। जून मालिया के बाद नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की उम्मीदवार प्रतिभारानी माईति अपना भाषण देने पहुंची।
ममता बनर्जी ने पार्टी के एक स्थानीय नेता को बुलाकर कहा कि प्रतिभारानी से अपना भाषण जल्द खत्म करने के लिए कहे। प्रतिभारानी माईति को मुख्यमंत्री का संदेश भी पहुंचाया गया। लेकिन जिला सभापति सुजय के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद प्रतिभारानी माईति ने अपना भाषण पूरा करने के बाद ही पोडियम छोड़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने से पहले ही वह पोडियम पर पहुंची और उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उपरोक्त बातें कही।
हालांकि बाद में उन्होंने स्पष्ट भी किया कि आखिर मंच से उन्होंने ऐसी बात क्यों कही!
ममता बनर्जी ने बतायी वजह
अपने बयान की व्याख्या करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे अभी कई बैठकों में जाना पड़ रहा है। मौसम भी अभी ठीक नहीं रहता है। अगर एक जगह पर देर करूंगी तो दूसरी जगह पर बैठक में नहीं पहुंच सकूंगी। और अगर ऐसा हुआ तो वहां के लोगों को बुरा लग जाएगा।