🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

Bengal Election : TMC सांसदों का आरोप - ममता बनर्जी को मारने की साजिश, BJP ने कहा– भ्रष्ट और तुष्टिकरण की सरकार

भाजपा सांसद कमलजीत शेहरावत ने कहा कि जब भी बंगाल में चुनाव आता है तब ममता जी इस तरह के तर्कों के जरिए जनता को गुमराह करती हैं।

By Moumita Bhattacharya

Mar 30, 2026 19:51 IST

सोमवार को भाजपा ने ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को पश्चिम बंगाल और लोकतंत्र के लिए 'खतरा' करार दिया। इसके साथ ही भाजपा ने तृणमूल के उस दावे को भी खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि मुख्यमंत्री की जान को खतरा है। इसे विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश बताया। ममता बनर्जी के 'सहानुभूति बटोरने के लिए पट्टी बांधकर घूमने' और 'विक्टिम कार्ड' खेलने वाले बयान के बाद भाजपा की यह प्रतिक्रिया सामने आयी है।

ममता बनर्जी ने कहा था कि मैं कई बार मौत के मुंह से लौट चुकी हूं। जाकर डॉक्टर की रिपोर्ट देखिए। क्या आपने 2021 के चुनाव में जानबूझकर मेरी टांग पर चोट पहुंचाई थी?… क्या आप मुझे मारने की योजना बना रहे हैं? सोमवार को तृणमूल सांसद कीर्ति आजाद ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ममता बनर्जी को नुकसान पहुंचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इस मामले में उन्हें काफी 'अनुभव' है।

दूसरी ओर भाजपा सांसद कमलजीत शेहरावत ने इसे एक 'सोची-समझी राजनीतिक रणनीति' का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जब भी बंगाल में चुनाव आता है तब ममता जी इस तरह के तर्कों के जरिए जनता को गुमराह करती हैं। सिर्फ दो महीने पहले, जब ईडी ने छापेमारी की थी तब उन्होंने फाइलें छीनकर अधिकारियों को धमकाया था। क्या उस समय उनकी जान को कोई खतरा नहीं था? भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने तृणमूल सुप्रीमो के नेतृत्व को पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र और 'राष्ट्रवादी ताकतों' के लिए खतरा बताया।

उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और कमजोर प्रशासन का आरोप लगाया। लोकसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए दिनेश शर्मा ने ममता बनर्जी को बंगाल के श्राप करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर बनर्जी सत्ता में वापस लौटती है तो बेरोजगारी फिर से बढ़ेगी, कृषि उपज घटेगी। उनका राजनीतिक कॅरियर अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। तृणमूल ने भाजपा पर चुनाव आयोग को कठपुतली की तरह से इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। तृणमूल सांसद सागरिका घोष ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जिस तरह से बंगाल में काम कर रहा है इससे यह स्पष्ट है कि वह भाजपा का शाखा कार्यालय बन रहा है।

सागरिका ने भाजपा पर लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमने 193 सांसदों के समर्थन से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाया है। ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने भी इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों के तबादले पर सवाल उठाया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसके बावजूद ममता बनर्जी को नहीं हराया जा सकता है। आप लिख कर ले लो, वह दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेंगी।

Articles you may like: