चेन्नई : आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) खेमे में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। टीम के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी सीजन के शुरुआती दो सप्ताह नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में उनकी जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंपी गई है। इस फैसले के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या CSK अब धोनी के बाद के दौर की तैयारी कर रही है।
CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन ने स्पष्ट किया कि धोनी की चोट के कारण टीम को नई रणनीति बनानी पड़ी है। उन्होंने बताया कि अभ्यास सत्रों में सैमसन का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है और टीम को उम्मीद है कि वह अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सैमसन पर अतिरिक्त दबाव नहीं डाला जाएगा।
विश्वनाथन ने टीम के नए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व पर भी भरोसा जताया और कहा कि टीम इस सीजन में नई ऊंचाइयों को छू सकती है। गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स से CSK में शामिल होने के बाद से ही सैमसन को धोनी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।
पिछले कुछ सीजनों में धोनी की भूमिका में बदलाव आया है। कप्तानी छोड़ने के बाद वह मुख्य रूप से फिनिशर की भूमिका में नजर आए और परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरते रहे। बढ़ती उम्र और घुटने की समस्या के कारण वह अब कम गेंदें खेलने को प्राथमिकता देते हैं।
धोनी का योगदान केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है। उन्होंने 278 मैचों में 5400 से अधिक रन बनाए और अपनी कप्तानी में CSK को पांच आईपीएल खिताब दिलाए। कठिन परिस्थितियों में शांत रहकर मैच जिताने की उनकी क्षमता उन्हें विशिष्ट बनाती है।
2025 में CSK के खराब प्रदर्शन के बाद टीम ने विकल्पों की तलाश शुरू की थी ऐसे में सैमसन का शामिल होना अहम माना जा रहा है। वह विकेटकीपिंग, बल्लेबाजी और नेतृत्व तीनों भूमिकाओं में सक्षम हैं जो उन्हें टीम के भविष्य का मजबूत दावेदार बनाता है।