ब्यूनस आयर्स : लियोनेल मेसी ने एक बार फिर मैदान पर अपना जादू दिखाया लेकिन इस बार उनके खेल से ज्यादा उनकी भावुकता चर्चा का विषय बन गई। ब्यूनस आयर्स के ऐतिहासिक ला बोम्बोनेरा स्टेडियम में अर्जेंटीना और जाम्बिया के बीच खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच से पहले का दृश्य बेहद भावुक था। अपने देश की जर्सी पहनकर मैदान में उतरने से पहले ही मेसी की आंखें नम हो गईं और पूरा स्टेडियम ‘मेसी-मेसी’ के नारों से गूंज उठा।
38 वर्षीय इंटर मियामी क्लब के स्टार खिलाड़ी जब राष्ट्रीय गान के दौरान अपने साथियों के साथ खड़े थे तभी उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्हें बार-बार आंखें पोंछते देखा गया। माना जा रहा है कि यह उनके करियर का अपने देश की धरती पर आखिरी मैच हो सकता है जिससे यह पल और भी भावनात्मक बन गया।
हालांकि इस भावुक माहौल के बीच मेसी ने मैदान पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अर्जेंटीना ने जाम्बिया को 5-0 से हराया जिसमें मेसी ने एक गोल करने के साथ एक गोल में सहयोग भी दिया। मैच के चौथे मिनट में जूलियन अल्वारेज को गोल करने में मदद करने के बाद मेसी ने 43वें मिनट में खुद भी गोल किया। इसके अलावा वैलेन्टिन बार्को और निकोलस ओटामेंडी ने भी टीम के लिए गोल दागे जबकि एक गोल आत्मघाती रहा।
मैच समाप्त होने के बाद पूरा स्टेडियम खड़ा होकर अपने कप्तान का सम्मान करता नजर आया। दर्शकों की तालियों और भावनाओं ने इस पल को और भी खास बना दिया।
इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने आगामी विश्व कप से पहले अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि अंतिम टीम चयन खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। टीम 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी इसके बाद ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से मुकाबला होगा।
ब्यूनस आयर्स की यह रात सिर्फ एक जीत नहीं बल्कि एक युग के संभावित अंत और एक महान खिलाड़ी के प्रति प्रेम, सम्मान और भावनाओं का अद्भुत संगम बन गई जिसे फुटबॉल प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे।