🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

संकट के बीच इंडियन ऑयल का बड़ा फैसला, प्रीमियम पेट्रोल-डीजल हुए महंगे

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 1 अप्रैल से बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 218 रुपये की वृद्धि हुई है।

By राखी मल्लिक

Apr 01, 2026 13:16 IST


नई दिल्ली : देश में ईंधन कीमतों को लेकर 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कमर्शियल एलपीजी और विमानन ईंधन के बाद अब प्रीमियम पेट्रोल और डीजल भी महंगे हो गए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने अपने हाई-ग्रेड फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है।

कंपनी के प्रीमियम पेट्रोल ब्रांड XP100 की कीमत में प्रति लीटर करीब 11 रुपये का इजाफा किया गया है। इसके बाद राजधानी नई दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर लगभग 160 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जो पहले करीब 149 रुपये थी। अन्य शहरों में भी इसकी कीमत बढ़ने की संभावना है और कोलकाता में यह कीमत 165 रुपये प्रति लीटर के पार जा सकती है।

सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, प्रीमियम डीजल की कीमतों में भी संशोधन किया गया है। दिल्ली में “एक्स्ट्रा ग्रीन” नाम से बिकने वाले प्रीमियम डीजल की कीमत लगभग 91.49 रुपये से बढ़कर 92.99 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

हालांकि आम उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत देते हुए सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये दरें पहले की तरह ही स्थिर रखी गई हैं।

दूसरी ओर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीसत में भी 1 अप्रैल से बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 218 रुपये की वृद्धि हुई है। जिससे कोलकाता में इसकी कीमत करीब 2 हजार 200 रुपये से अधिक हो गई है।

इसी के साथ एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है। इसमें 110 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। जिससे दिल्ली में इसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान, अमेरिका तथा इजराइल के बीच टकराव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने से क्रूड ऑयल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। जिसका सीधा असर भारत में ईंधन कीमतों पर पड़ा है।

Articles you may like: