नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag एनुअल पास की कीमत में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी। इस बदलाव के तहत अब उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक राशि चुकानी होगी।
वर्तमान में FASTag एनुअल पास की कीमत 3,000 रुपये है जिसे बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दिया गया है। यानी उपयोगकर्ताओं को 75 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। यह नई दर केवल गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगी। इस पास का उपयोग देशभर के लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर किया जा सकता है।
FASTag एनुअल पास की शुरुआत पिछले वर्ष अगस्त में की गई थी। इसका उद्देश्य उन लोगों को सुविधा देना है जो नियमित रूप से यात्रा करते हैं। इस पास को एक बार रिचार्ज करने के बाद बार-बार भुगतान करने की आवश्यकता नहीं होती। यह पास एक वर्ष या 200 ट्रिप तक मान्य रहता है जो भी पहले पूरा हो।
इस सेवा के जरिए टोल प्लाजा पर कैशलेस और तेज आवाजाही संभव होती है। खासकर रोजाना या बार-बार यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह पास काफी उपयोगी साबित हो रहा है। अब तक 56 लाख से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।
FASTag एनुअल पास को रिचार्ज करना भी आसान है। इसे ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से रिचार्ज किया जा सकता है। भुगतान के लगभग दो घंटे के भीतर यह पास सक्रिय हो जाता है।
1 अप्रैल से नई कीमत लागू होने के कारण पुराने दर पर रिचार्ज करने के लिए अब सीमित समय ही बचा है।