अमरावती : आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के धतना क्षेत्र से एक अत्यंत भयावह और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। भारतीय नौसेना में तैनात 35 वर्षीय चिंतादा रविंद्र पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार रविंद्र INS डेगा पर कार्यरत है और विवाहित है। हाल ही में उसकी पत्नी अपने पिता के घर गई हुई थी। इसी दौरान उसने अपनी प्रेमिका पोलिपल्ली मौनिका को अपने घर बुलाया। मौनिका उसके बुलावे पर वहां पहुंची किंतु शाम के समय किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि रविंद्र ने कथित रूप से उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव के कई टुकड़े किए। कुछ हिस्सों को घर के बाहर फेंक दिया गया जबकि शेष टुकड़ों को उसने फ्रिज में रख दिया। घटना के पश्चात रविंद्र ने स्वयं पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्रिज से शव के टुकड़े बरामद किए हालांकि मृतका का सिर अभी तक नहीं मिला है। पुलिस को संदेह है कि उसे कहीं अन्य स्थान पर फेंका गया है। शेष अवशेषों की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में रविंद्र ने बताया कि वर्ष 2021 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से उसकी मौनिका से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच संबंध थे और वे कई स्थानों पर मिल चुके थे। आरोपी के अनुसार मौनिका ने उससे लगभग साढ़े तीन लाख रुपये लिए थे और वह संबंध को सार्वजनिक करने तथा उसकी पत्नी को बताने की धमकी दे रही थी जिसके चलते यह विवाद हुआ।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में दिल्ली में भी इसी प्रकार की एक घटना सामने आई थी जिसने देशभर में व्यापक चर्चा बटोरी थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।