IPL 2026 का रोमांच जहां दुनियाभर में छाया हुआ है, वहीं बांग्लादेश के क्रिकेट फैंस के लिए इस बार बड़ी निराशा की खबर सामने आई है। इस सीजन वे अपने पसंदीदा टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण टीवी पर नहीं देख पाएंगे। भारत की मीडिया कंपनी जियोस्टार (JioStar) ने बांग्लादेश में अपने IPL ब्रॉडकास्ट समझौते को खत्म कर दिया है। इसके साथ ही यह साफ हो गया है कि इस साल इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL का लाइव टेलीकास्ट बांग्लादेश में नहीं होगा, भले ही वहां की सरकार ने अपने रुख में कुछ नरमी दिखाई हो।
बांग्लादेश में नहीं दिखेगा IPL
दरअसल, पहले की सरकार ने IPL के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसकी बड़ी वजह मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा विवाद था, जिन्हें BCCI ने लीग से हटाने का फैसला किया था। इस फैसले के विरोध में बांग्लादेश ने कड़ा रुख अपनाया और यहां तक कि ICC से अपने T20 वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग भी की थी। हालांकि, हाल ही में बांग्लादेश के अधिकारियों ने इस प्रतिबंध पर दोबारा विचार करने के संकेत दिए थे, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियोस्टार के इस फैसले के बाद अब IPL के टीवी पर लौटने की कोई संभावना नहीं बची है।
बांग्लादेश में पहले टी स्पोर्ट्स (TSports) IPL मैचों का प्रसारण करता था। उसने 2023 से 2027 तक के सीजन के लिए सब-लाइसेंस लिया हुआ था। लेकिन कंपनी ने अपने पार्टनर की ओर से भुगतान समयसीमा का पालन न करने को इस फैसले की बड़ी वजह बताया है।
WPL का ब्रॉडकास्ट भी नहीं होगा
इतना ही नहीं, यह फैसला सिर्फ IPL तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जियोस्टार (JioStar) ने वूमेन्स प्रीमियर लीग के प्रसारण समझौते से भी खुद को अलग कर लिया है। इस सीजन IPL में बांग्लादेश के एकमात्र खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान थे, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के चलते BCCI ने फ्रेंचाइजी को उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया।
IPL की व्यूअरशिप पर पड़ेगा असर
बांग्लादेश में लाइव टेलीकास्ट न होने से IPL की व्यूअरशिप पर बड़ा असर पड़ सकता है। वहीं, इस साल भारत का बांग्लादेश दौरा भी अनिश्चितता में नजर आ रहा है, जिससे दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।