पश्चिम बंगाल में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक राज्य के प्रशासनिक व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का तबादला किया जा रहा था। लेकिन अब चुनाव आयोग के ऑफिस में ही तबादला किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य के डेप्यूटी CEO सुब्रत पाल को हटा दिया गया है और उनकी जगह राहुल नाथ को नया डेप्यूटी CEO बनाया गया है। सुब्रत पाल को स्वास्थ्य विभाग में भेज दिया गया है।
इसके साथ ही एडिशनल सेक्रेटरी नरेंद्रनाथ दत्त और सुप्रिय दास व ज्वाएंट सेक्रेटरी मीठू सरकार को भी हटाया गया है।
गौरतलब है कि अब तक राज्य के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया जा रहा था। उच्चस्तरीय पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी बदला जा चुका है। यहां तक की कई जिलों के एसपी व कोलकाता के पुलिस कमिश्नर तक को बदल दिया गया है।
विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीप प्रसाद मीणा को आयोग ने हटा दिया था। इसके बाद कोलकाता पुलिस के कमिश्नर के पद से सुप्रतिम सरकार, राज्य पुलिस के डीजी के पद से पियुष पांडे को भी हटा दिया गया था। कई जिलों के एसपी और डीएम का तबादला भी अब तक किया जा चुका है।