मुंबई: IPL 2026 के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। मुंबई में हुए मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के मैच के बाद, IPL के प्रसारण इंजीनियर इयान विलियम्स लांगफोर्ड का शव एक लग्जरी होटल के कमरे में पाया गया। 30 मार्च को मुंबई के ट्राइडेंट होटल से उनकी मौत की सूचना मिली। वह 24 मार्च से IPL मैच कवर करने के लिए होटल में रुके हुए थे। इयान ब्रिटिश नागरिक थे और IPL में काम कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 29 मार्च को मुंबई और कोलकाता के बीच मैच के बाद लांगफोर्ड अपने कमरे (रूम नंबर 2715) में गए थे। अगले दिन सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले, तो होटल स्टाफ ने उन्हें आवाज दी। उत्तर न मिलने पर मास्टर की के जरिए कमरे का दरवाजा खोला गया। वहां उनका शव फर्श पर पड़ा मिला। डॉक्टरों ने मौके पर उन्हें मृत घोषित किया।
मुंबई पुलिस ने अज्ञात कारण से हुई मौत के मामले में जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी संदिग्ध स्थिति का पता नहीं चला है।
इस घटना पर BCCI ने कहा कि वे इयान लांगफोर्ड के परिवार और दोस्तों के साथ हैं और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे। BCCI ने कहा, “हम इस कठिन समय में उनके परिवार और मित्रों के साथ खड़े हैं। IPL इस दुखद समय में लांगफोर्ड के परिवार की हर तरह से मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।”