चुनावी मैदान में तृणमूल कांग्रेस ने SIR को भाजपा के खिलाफ हथियार बनाया है। सोमवार की रात को चुनाव आयोग के ऑफिस में पहुंचकर तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने आरोप लगाया था कि बड़ी संख्या में ऐसे लोगों का नाम नई वोटर लिस्ट में शामिल करने की कोशिश की जा रही है जो बंगाल के निवासी है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि संदेहास्पद तरीके से फॉर्म 6 भरकर इन लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी यह आरोप लगाया।
मंगलवार (31 मार्च) को चंद्रकोणा के खीरपाई चड़कडांगा मैदान में सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नामों को काटा गया है उन्हें अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है। अभी बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान से लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। इस मामले में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर ममता बनर्जी ने अपनी चिंता भी जाहिर की है।
Read Also | ममता बनर्जी के मंच पर आने से पहले खत्म करें भाषण : पार्टी सुप्रीमो ने क्यों दिया यह सख्त निर्देश?
मतदाता सूची को लेकर किया कटाक्ष
ममता बनर्जी का आरोप है कि बंगाल के लोगों का नाम हटाकर डबल इंजन की सरकार आपलोगों (मतदाताओं) का वोट छिनना चाहती है। सोमवार को चुनाव आयोग में 30 हजार लोगों के नाम जमा हुए है। इनमें से कोई भी बंगाल का निवासी नहीं है। ममता बनर्जी ने SIR को 'सर्वनाश' करार देते हुए कहा कि मैंने सुप्रीम कोर्ट में मामला दायर किया था। भाजपा ने सारे अधिकार छिन लिए हैं।
तृणमूल सुप्रीमो ने चंद्रकोणा के बाद गढ़बेता हाईस्कूल मैदान से भी इस मामले पर अपना रोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची से काटा गया है उन्हें निश्चिंत होकर नहीं बैठना चाहिए। मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी की जा रही है या नहीं, बूथ स्तर पर इस पर नजरें रखने की हिदायत उन्होंने दी। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है उन्हें आश्वस्त करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि आप आवेदन करें। निःशुल्क वकील की व्यवस्था हम करेंगे।
Read Also | सीईओ कार्यालय में हंगामा: TMC ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता का उठाया मुद्दा
हुगली, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर समेत कई जगहों पर किसानों के आलू की खेती को लेकर समस्याओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चंद्रकोणा के किसानों की समस्याएं हैं। अगर आलू की फसल नष्ट होती है तो सरकार उस नुकसान की भरपाई करेगी। बीमा करवाया गया है। ममता बनर्जी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, 'आलू के फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई चाहते हैं? तृणमूल को वोट दें।' इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि तृणमूल अभी समुद्र की तरह है। कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा। एक-एक लहर को पटक देगा।