भवानीपुर विधानसभा केंद्र की तृणमूल प्रत्याशी ममता बनर्जी 8 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल कर सकती है। संभावना जतायी जा रही है कि कालीघाट में अपने आवास से रैली निकालकर वह नामांकन दाखिल करने के लिए जा सकती हैं। दक्षिण कोलकाता तृणमूल सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि वह गोपालनगर सर्वे बिल्डिंग में अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
रैली में तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी, कोलकाता के मेयर व मंत्री फिरहाद हकीम व दक्षिण कोलकाता के अध्यक्ष देवाशीष कुमार शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही भवानीपुर में तृणमूल के सभी पार्षदों के भी इस रैली में शामिल होने की संभावना है।
Read Also | TMC सांसदों का आरोप - ममता बनर्जी को मारने की साजिश, BJP ने कहा– भ्रष्ट और तुष्टिकरण की सरकार
गौरतलब है कि इस साल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर केंद्र चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस केंद्र से ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को उतारा है। इसके साथ ही शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने भीड़ चुके थे।
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर केंद्र से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। हालांकि ममता बनर्जी ने अपने केंद्र से अभी तक चुनाव प्रचार नहीं किया है लेकिन फिरहाद हकीम व सुब्रत बख्शी समेत अन्य पार्टी नेताओं ने ममता बनर्जी के समर्थन में रैली निकलना शुरू कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ममता बनर्जी के वार्ड नंबर 73 को अधिक महत्व दिया जा रहा है। भारतीय संविधान के रचयिता बी.आर. अम्बेडकर के जन्मदिवस यानी 14 अप्रैल को इस वार्ड में पहली सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही ममता बनर्जी के समर्थन में जुलूस भी निकाली जाएगी।
बता दें, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल और दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। भवानीपुर विधानसभा केंद्र में दूसरे चरण का चुनाव होने वाला है। 2 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव की विज्ञप्ति आयोग जारी करने वाली है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 9 अप्रैल है।