गोवाः गोवा के चर्चित नाइटक्लब आग कांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मापुसा की एक सत्र अदालत ने बुधवार को ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जमानत दे दी। यह मामला पिछले साल दिसंबर में हुई भीषण आग से जुड़ा है, जिसमें 25 लोगों की जान चली गई थी।
हालांकि राहत मिलने के बावजूद दोनों भाई फिलहाल जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। वजह यह है कि उन्हें एक अन्य मामले में भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि 6 दिसंबर 2025 को अर्पोरा गांव स्थित इस क्लब में आग लगने के कुछ ही घंटों बाद लूथरा बंधु देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए थे। बाद में 17 दिसंबर को उन्हें भारत लाया गया और अंजुना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह आरोप भी सामने आया कि नाइटक्लब के पास जरूरी अनुमति नहीं थी और कई सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया था। उनके वकील पराग राव के अनुसार, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्विजप्ले पाटकर ने आग से जुड़े मामले में दोनों को जमानत प्रदान की है।
इस बीच मापुसा पुलिस ने सोमवार को दोनों को कथित जालसाजी के एक अलग मामले में भी हिरासत में लिया है। ऐसे में आग कांड में जमानत मिलने के बावजूद उन्हें अभी जेल में ही रहना होगा।