मुंबई : भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को टीम इंडिया के आगामी जिम्बाब्वे दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया। इस दौरे के तहत भारतीय टीम जुलाई में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी। श्रृंखला की शुरुआत 23 जुलाई से होगी जबकि दूसरा मुकाबला 25 जुलाई और तीसरा तथा अंतिम मैच 26 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे।
बोर्ड के सचिव देवजीत सेकिया ने कार्यक्रम की घोषणा करते हुए जानकारी दी कि यह दौरा सीमित लेकिन महत्वपूर्ण होगा। जहां युवा खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। इससे पहले भारतीय टीम ने 2024 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था जिसमें पांच टी20 मैचों की श्रृंखला 4-1 से अपने नाम की थी।
दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने की दिशा में यह दौरा अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि जिम्बाब्वे की टीम भी जनवरी 2027 में भारत का दौरा करेगी। उस दौरान तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी जिसमें पहला मुकाबला कोलकाता, दूसरा हैदराबाद और तीसरा मुंबई में आयोजित होगा। इसी वर्ष एकदिवसीय विश्व कप भी प्रस्तावित है, जिससे इन मुकाबलों की अहमियत और बढ़ जाती है।
भारतीय टीम हाल ही में शानदार फॉर्म में नजर आई है। पिछले महीने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम किया।
अब जिम्बाब्वे दौरे के साथ भारतीय टीम अपनी तैयारियों को और धार देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।