🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अंडर-20 एशियन कप ओपनर में जापान से भिड़ेगी यंग टाइग्रेसेस की टीम, मुकाबला कड़ा

भारत के लिए यह सिर्फ एक ओपनिंग मैच नहीं बल्कि उस सफर की शुरुआत है जिसकी योजना महीनों से बनायी जा रही थी।

By Moumita Bhattacharya

Apr 01, 2026 18:17 IST

भारतीय अंडर-20 महिला राष्ट्रीय टीम 2 अप्रैल (बुधवार) से जापान के खिलाफ अपने AFC अंडर-20 महिला एशियन कप थाईलैंड 2026 अभियान की शुरुआत करने वाली है। इसके साथ ही यंग टाइग्रेसेस टूर्नामेंट में खेलने का इनका 20 सालों का इंतजार भी खत्म होने वाला है। इस पल के लिए वे पिछले कई महीनों से तैयारी कर रही थी। कल पाथुम थानी के थाम्मासाट स्टेडियम में यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे शुरू होगा।

भारत के लिए यह सिर्फ एक ओपनिंग मैच नहीं बल्कि उस सफर की शुरुआत है जिसकी योजना महीनों से बनायी जा रही थी। इस मैच के लिए विभिन्न महाद्वीपों में तैयारी की गयी थी। खास बात यह है कि भारत ने पिछले 2 दशकों में पहली बार इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है। मैच का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा।

आत्मविश्वास से भरे मुख्य कोच

मुख्य कोच जोआकिम अलेक्जेंडरसन (Joakim Alexandresson) ने मैच को जीतने की महत्वकांक्षा पर जोर देते हुए कहा है कि हमें अहसास है कि इस स्तर पर भारतीय टीम के रूप में हम अभी नए हैं, हमारे सामने मौजूद प्रतिद्वंद्वी को भी हम कम नहीं आंक रहे हैं और हम उनका पूरा सम्मान करते हैं। लेकिन हम इस ग्रुप से आगे बढ़कर अब वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि कजाकिस्तान में खेले गए फ्रेंडली मैचों से लेकर स्वीडन में एक महीने के प्रशिक्षण शिविर तक भारत का ध्यान एक ऐसी टीम बनाने की दिशा में रहा है जो उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के दबाव को आसानी से झेल सके। अलेक्जेंडरसन ने कहा कि हम पिछले 3 महीनों से साथ हैं। उससे पहले हमने कजाकिस्तान में फ्रेंडली मैच खेले।

हम एक महीने के कैंप के लिए स्वीडन गए और उज्बेकिस्तान को भी भारत आमंत्रित किया। उन्होंने आत्मविश्वास से भरकर कहा कि हमारी तैयारी अच्छी रही है और मुझे लगता है कि हम इस टूर्नामेंट में अच्छा करेंगे। हमें भरोसा है कि हमारी तैयारी ने हमें सर्वश्रेष्ठ स्थिति में पहुंचाया है।

Samachar Ei Samay

ओपनिंग मैच में सबसे मजबूत टीमों में से एक से होगी भिड़ंत

ओपनिंग मैच में भारत के सामने दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक टीम होने वाली है। जापान अंडर-20 एशियन कप का रिकॉर्ड 6 बार का चैंपियन रह चुका है। इस साल भी जापान की टीम इस टूर्नामेंट में खिताबी दावेदार के रूप में ही उतरने वाली है। जापान की टीम अपनी तकनीकी उत्कृष्टता और निरंतरता के लिए जानी जाती है।

यंग नादेशिको ने 2018 में विश्व कप भी जीता था। टीम के मुख्य कोच ने कहा कि हमारा लक्ष्य साफ है। हम ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ना चाहते हैं और वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश करेंगे।

बता दें, ग्रुप C में जापान, ऑस्ट्रेलिया (5 अप्रैल) और चीनी ताइपे (8 अप्रैल) के साथ रखे गए हैं। भारत के लिए नॉकआउट चरण तक पहुंचने का रास्ता कठिन है। तीन समूहों में से शीर्ष दो टीमें और दो सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान की टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी, जहां अंतिम चार में जगह बनाकर फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 का टिकट हासिल करने का मौका होगा।

Articles you may like: