लखनऊ : आईपीएल करियर में अर्जुन तेंदुलकर अब लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। खिलाड़ी ट्रांसफर प्रक्रिया के तहत उन्हें टीम में शामिल किया गया है वहां उन्होंने शार्दुल ठाकुर की जगह ली है। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे के मुंबई इंडियंस छोड़ने से क्रिकेट जगत में काफी हैरानी देखने को मिली।
हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब अर्जुन ने मुंबई का साथ छोड़ा हो। आईपीएल से पहले ही वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई टीम को अलविदा कह चुके थे। हाल ही में एक साक्षात्कार में उन्होंने इस फैसले के पीछे की वजहों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गोवा में उन्हें अधिक अवसर मिल रहे हैं और सबसे अहम बात यह है कि वहां उन्हें आत्मविश्वास हासिल हुआ है। उनके अनुसार हर खिलाड़ी के लिए सबसे जरूरी चीज मौके मिलना होता है जो उन्हें मुंबई में पर्याप्त नहीं मिल पाए।
अपने करियर को लेकर हो रही आलोचनाओं पर अर्जुन ने साफ कहा कि वह इन बातों से घबराते नहीं हैं। उन्होंने बताया कि गोवा में उनके पास पांच पालतू कुत्ते हैं जिनके साथ समय बिताकर वह खुद को मानसिक रूप से शांत रखते हैं।
घरेलू क्रिकेट में गोवा का रुख करने के बाद अर्जुन को खेलने के ज्यादा मौके मिले हैं और इसका असर उनके प्रदर्शन पर भी दिख रहा है। फिलहाल वह नेट्स में शानदार लय में गेंदबाजी कर रहे हैं और लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के आसपास गेंद डाल रहे हैं।
आईपीएल में 2021 से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े अर्जुन को सीमित मौके ही मिले। उन्होंने अब तक सिर्फ पांच मैच खेले हैं जिनमें से चार 2023 में थे और कुल तीन विकेट हासिल किए।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ उनका करियर नई दिशा पकड़ेगा। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में वह नई टीम के लिए पदार्पण कर सकते हैं, जहां सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।