कोलकाता : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी टी-20 लीग माना जाता है और अब इस पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुझरबानी ने भी अपनी मुहर लगा दी है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले केकेआर के इस पेसर ने साफ कहा है कि आईपीएल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण है।
हाल ही में आईपीएल में डेब्यू करने वाले मुझरबानी पहले मैच में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे थे। केकेआर के लिए अपने पहले मुकाबले में उन्होंने 3 ओवर में 34 रन दिए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। हालांकि दूसरे मैच में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं और टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं।
पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल में शामिल हुए 29 वर्षीय इस गेंदबाज को टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने टूर्नामेंट में 13 विकेट लेकर सभी का ध्यान आकर्षित किया था। उनकी तेज गति और उछाल भरी गेंदबाजी के कारण केकेआर ने उन्हें टीम में शामिल किया।
मुझरबानी ने एक साक्षात्कार में कहा कि आईपीएल का अनुभव उनके करियर में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने बताया कि पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ रहते हुए उन्हें इस लीग के स्तर और रफ्तार का अंदाजा हो गया था भले ही उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला।
केकेआर कैंप में उन्हें मेंटर ड्वेन ब्रावो से काफी सीखने को मिल रहा है। मुझरबानी के अनुसार ब्रावो ने उन्हें टी-20 में गेंदबाजी की बारीकियां और तैयारी का सही तरीका सिखाया है। टीम का माहौल भी उन्हें सकारात्मक लग रहा है जहां प्रतिस्पर्धा के साथ बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।
अब उनका लक्ष्य केकेआर की प्लेइंग इलेवन में लगातार जगह बनाना और टीम के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन करना है।