🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तालडांगरा में अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तीखा प्रहार, बोले- ‘जिन्हें हम हटाते हैं, भाजपा उन्हें उम्मीदवार बनाती है’

भाजपा प्रत्याशी पर कई आरोप लगाए, तृणमूल उम्मीदवार फाल्गुनी सिंहबाबू की जीत का दावा किया।

By श्वेता सिंह

Apr 02, 2026 16:28 IST

बांकुड़ाः राज्य में चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। बांकुड़ा जिले के तालडांगरा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। यह सभा तृणमूल उम्मीदवार फाल्गुनी सिंहबाबू के समर्थन में आयोजित की गई थी।

भाजपा उम्मीदवार पर सीधे आरोप

अपने भाषण में अभिषेक बनर्जी ने तालडांगरा से भाजपा उम्मीदवार सौभिक पात्र को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है, जिसे पहले तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित किया जा चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हम जिन लोगों को पार्टी से बाहर कर देते हैं, भाजपा उन्हें अपने सिर पर बैठा लेती है।”

अभिषेक बनर्जी ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ दर्ज मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं और सिमलापाल थाने में शिकायतें मौजूद हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उम्मीदवार पर श्लीलताहानि और तोड़फोड़ जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं। हालांकि इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

फाल्गुनी सिंह बाबू की सराहना

सभा के दौरान अभिषेक बनर्जी ने तृणमूल उम्मीदवार फाल्गुनी सिंह बाबू की कार्यशैली और संगठनात्मक अनुभव को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि फाल्गुनी सिंह बाबू ने जमीनी स्तर से राजनीति की शुरुआत की और धीरे-धीरे संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय स्तर के कार्यकर्ता से लेकर ब्लॉक युवा तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष बनने तक का उनका सफर उनकी मेहनत और जनसंपर्क को दर्शाता है। उपचुनाव में जीत के बाद उन्होंने विधायक के रूप में भी लोगों के बीच सक्रिय भूमिका निभाई है।

तालडांगरा विधानसभा सीट पर 2021 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के अरूप चक्रवर्ती ने जीत हासिल की थी। बाद में 2024 के लोकसभा चुनाव में वे बांकुड़ा सीट से सांसद चुने गए। इसके बाद इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें तृणमूल के फाल्गुनी सिंह बाबू ने जीत दर्ज की और विधायक बने।

जीत को लेकर तृणमूल का भरोसा

अभिषेक बनर्जी ने अपने भाषण में भरोसा जताया कि इस बार भी तालडांगरा सीट पर तृणमूल कांग्रेस की जीत तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी उम्मीदवार का जनता से सीधा जुड़ाव, काम करने की क्षमता और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता उन्हें मजबूत बनाती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर चुनाव लड़ें और पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। तालडांगरा में इस तरह के तीखे आरोप-प्रत्यारोप से यह साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और ज्यादा आक्रामक होगा। दोनों प्रमुख दलों के बीच सीधी टक्कर इस सीट को भी हाई-प्रोफाइल बना रही है।

Articles you may like: