ओडिशा के तालशारी मोहना में समुद्र में शूटिंग के दौरान डूबने से बांग्ला एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत हो गयी। जिस समय समुद्रतट पर यह दुर्घटना घटी तब सीरियल 'भोले बाबा पार करेगा' की शूटिंग चल रही थी। बताया जाता है कि शूटिंग के समय राहुल बनर्जी समुद्र में थोड़ी गहराई में चले गए थे।
उस समय उनके साथ सीरियल की एक्ट्रेस श्वेता मिश्र भी थी। चूंकि यह दुर्घटना जब तब सीरियल की शूटिंग चल रही थी इसलिए कुछ कैमरे समुद्र की तरफ से लगाए हुए थे। दावा किया जा रहा है कि उन्हीं कैमरे में दुर्घटना का वह भयानक पल भी कैद हो गया था।
क्या मिला कैमरा फुटेज में?
पूर्व मिदनापुर जिला पुलिस सूत्रों के हवाले से abp की मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि राहुल बनर्जी और श्वेता मिश्र शूटिंग के दौरान तट से थोड़ा अंदर पानी की गहराई में चले गए थे। इस दौरान संतुलन बिगड़ जाने की वजह से श्वेता पानी में गिर गयी। श्वेता को बचाने के दौरान राहुल बनर्जी भी पानी में डूबने लगे। यह सब शूटिंग के लिए लगाए कैमरे में कैद हुआ है।
राहुल-श्वेता जिस समय पानी की तरफ चलकर जा रहे थे, उस फुटेज को सीरियल में इस्तेमाल करने की योजना थी। बताया जाता है कि जैसे ही सीरियल के क्रु के सदस्यों को अहसास हुआ कि मामला बिगड़ रहा है, तुरंत वे पानी में कूद गए।
पहले श्वेता और फिर राहुल को पानी से बाहर निकाला गया। श्वेता मिश्र तो डूबने की उस घटना में संभल गयी लेकिन राहुल बनर्जी की तबीयत खराब होने लगी। बताया जाता है कि राहुल बनर्जी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि फुटेज में दिखाई दे रहा है कि समुद्र में डूब रही श्वेता मिश्र को पानी से निकालकर एक नाव में चढ़ा दिया गया लेकिन पानी में डूब रहे राहुल को थोड़ी देर ढूंढना पड़ा था। इसके बाद उन्हें पानी से बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि श्वेता को जब पानी से बाहर निकाला गया तब तक तो कैमरा चालू था लेकिन जब राहुल बनर्जी को बाहर निकाला गया तब तक कैमरा को बंद कर दिया गया था।
जब पानी से निकाला गया तब तक चल रही थी सांसे?
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तालशारी के मोहना में जिस समय राहुल बनर्जी के डूबने के बारे में पता चला उसी समय क्रु के सदस्य तुरंत उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गए। बताया जाता है कि राहुल अरुणोदय बनर्जी और श्वेता मिश्र में से किसी को भी तैरना नहीं आता था। शूटिंग टीम के सदस्यों में एक नुलिया भी था।
मीडिया के सामने अपने बयान में नुलिया ने दावा किया कि पानी के पास सीरियल की शूटिंग होने की वजह से मुझे सुरक्षा कारणों से यहां रहने के लिए कहा गया था। दोपहर में करीब 12 बजे से मैं वहां था। नुलिया का दावा है कि जब दोनों एक्टर गहरे पानी की तरफ बढ़ रहे थे तब हम लगातार मना कर रहे थे। मौसम भी खराब हो रहा था और ज्वार आने की वजह से पानी का स्तर भी बढ़ता जा रहा था।
नुलिया का दावा है कि जब दोनों पानी में डूबने लगे तो मैं पानी में कूद पड़ा और पहले मैडम (श्वेता मिश्र) को बचाया। उसके बाद दादा (राहुल बनर्जी) को पानी से बाहर निकाला। कंधे पर डालकर उन्हें किनारे पर लाया। नुलिया का दावा है कि उन्हें तैरना नहीं आता था इसलिए वह पानी पी गए थे लेकिन होश में थे। उनकी सांसे उखड़ रही थी।
हमने पेट पर दबाया तो मुंह से थोड़ा पानी बाहर आ गया। उन्होंने उल्टी भी की। थोड़ा सामान्य होने के बाद उन्हें गाड़ी से अस्पताल भेजा गया। नुलिया का दावा है कि राहुल बनर्जी समुद्र में जिस जगह पर पानी में गिर गए थे, वहां पानी का खिंचाव काफी ज्यादा था।
तमलुक मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में राहुल बनर्जी का आज (30 मार्च) को पोस्टमार्टम किया जा रहा है। वहां पूर्व मिदनापुर के पुलिस सुपर अंशुमान साहा सुबह से ही मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि राहुल अरुणोदय बनर्जी के परिवार की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं करवायी गयी है। ओडिशा पुलिस के साथ तालमेल बैठाकर ही इस मामले की जांच की जा रही है।
एसपी अंशुमान साहा ने क्या बताया?
* दीघा थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दायर किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की जांच होगी। प्रत्यक्षदर्शियों का बयान दर्ज किया गया है। ओडिशा की पुलिस ने भी जांच में मदद करने का आश्वासन दिया है।
* पुलिस को शूटिंग का एक फुटेज मिला है। फुटेज में उन्हें आखिरी बार पानी में जीवित अवस्था में देखा जा सकता है।
* फुटेज में लाइफ सेविंग्स की कोई व्यवस्था नहीं दिख रही है। इस बारे में जांच की जाएगी।
* जिस समय राहुल बनर्जी को पानी से बाहर लाया गया क्या वह जीवित थे? इस सवाल के जवाब में एसपी साहा ने बताया कि हम अभी तक निश्चित रूप से कुछ नहीं कह सकते हैं।