बांग्ला सीरियल की शूटिंग करते वक्त ओडिशा के तटवर्तीय शहर तालशारी में समुद्र में डूबने से टॉलीवुड एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की असामयिक मौत ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर दिया है। सोमवार को पूर्व मिदनापुर के तमलुक मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में राहुल बनर्जी का पोस्टमार्टम किया गया।
पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक पानी में डूबने से ही राहुल बनर्जी की मौत हुई है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वह लंबे समय तक पानी में डूबे हुए थे। इस वजह से उनके फेंफड़ों में अतिरिक्त मात्रा में बालू और नमक वाला खारा पानी जमा हो गया था। नतीजन, उनका फेंफड़ा फुलकर लगभग दोगुना आकार का हो गया था।
Read Also | ओडिशा में शूटिंग के बीच समुद्र में डूबे अभिनेता, 43 वर्षीय राहुल बनर्जी का निधन
हालांकि रिपोर्ट में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनके शरीर में अल्कोहल होने का कोई सबूत मिला है या नहीं। जानकारी के अनुसार विसेरा जांच भी की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उनकी खाद्यनली में भी बालू और नमक वाला पानी मिला है। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बहुत कम समय तक पानी में डूबने पर इतनी अधिक मात्रा में शरीर में पानी का मिलना संभव नहीं है। बताया जाता है कि एक्टर कम से कम 1 घंटे तक पानी में डूबे हुए थे।
Read Also | सीरियल की शूटिंग करते वक्त कैसे डूबे एक्टर राहुल बनर्जी? पुलिस के हाथ लगी दुर्घटना के भयानक पलों का फुटेज!
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद राहुल बनर्जी के शव को लेकर कोलकाता के लिए शववाही गाड़ी रवाना हो चुकी है। गाड़ी में राहुल के ड्राइवर, 'भोले बाबा पार करेगा' सीरियल के प्रोडक्शन मैनेजर समेत अन्य मौजूद हैं। उनका शव कोलकाता के विजयगढ़ स्थित उनके घर लाया जाएगा जिसके बाद केवड़ातला श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।