कोलकाता का लोकप्रिय पर्यटन स्थल मिलेनियम पार्क। छुट्टियों की शाम हो या सर्दियों की दोपहर - युवा जोड़ी हो या कॉलेज के दोस्तों का झुंड। हर किसी की पसंदीदा जगह मिलेनियम पार्क (Millennium Park) है। लेकिन कोलकाता के इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।
सिर्फ मिलनियम पार्क ही नहीं बल्कि इसके पास मौजूद शिपिंग जेटी को भी बंद करने का फैसला लिया गया है। पर क्यों लिया गया ऐसा फैसला?
जवाब है विधानसभा चुनाव। दरअसल, मिलेनियम पार्क के ठीक विपरीत में ही राज्य का CEO ऑफिस मौजूद है। चुनाव को लेकर राज्य का राजनैतिक पारा चढ़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों में राज्य के CEO ऑफिस के बाहर तनावपूर्ण माहौल देखा जा रहा है। इस बात को ध्यान में रखकर सावधानी बरतते हुए इस पार्क को बंद करने का फैसला लिया गया है।
CEO ऑफिस में गड़बड़ी होने की आशंका के मद्देनजर स्ट्रैंड रोड समेत कई जगहों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 (पुरानी 144 धारा) को लागू किया गया है। स्ट्रैंड रोड के एक हिस्से को बंद भी कर दिया गया है।
Read Also | NRS अस्पताल में बड़ा हादसा टला : CCU की छत का हिस्सा टूट कर गिरा, बाल-बाल बचे मरीज
अब सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार की दोपहर से मिलेनियम पार्क को बंद करने का फैसला लिया गया है। बताया जाता है कि पार्क में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकलने के लिए बोलकर पार्क का गेट बंद कर दिया गया। इसके साथ ही पार्क से सटे जेटी को भी बंद करने का फैसला लिया गया है।
इस वजह से फेयरली प्लेस से सटे ऑफिसों के कर्मचारियों को समस्या होने की आशंका जतायी जा रही है। बड़ी संख्या में इन ऑफिसों में काम करने वाले कर्मचारी शिपिंग जेटी से लॉन्च पकड़कर गंगा पार करते हैं। इसलिए अगर फेरीघाट को बंद कर दिया गया तो बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी होने की आशंका है।
मिलेनियम पार्क और जेटी को फिर से कब खोला जाएगा, इस बाबत अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।