रियाद : फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगभग एक महीने के ब्रेक के बाद फिर से मैदान में लौटने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी वापसी की खबर से अल नासर टीम और फैंस के बीच राहत का माहौल है खासकर तब जब लीग की टक्कर अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है।
रोनाल्डो को फरवरी में अल फैयहा के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। इस वजह से वह पूरे मार्च महीने मैदान से दूर रहे। इसी कारण वह पुर्तगाल की ओर से अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों में भी हिस्सा नहीं ले पाए।
टीम के कोच जॉर्ज जीसस ने जानकारी दी कि रोनाल्डो अब अभ्यास सत्र में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सादियो माने की वापसी की भी संभावना है। वहीं मोहम्मद सिमाकान की चोट मामूली है और किंग्सले कोमान थकान से जूझ रहे हैं जिनकी स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
इस समय सऊदी प्रो लीग में अल नासर 26 मैचों में 67 अंकों के साथ शीर्ष पर है। अब सिर्फ 9 मैच बचे हैं ऐसे में हर मुकाबला बेहद अहम हो गया है। रोनाल्डो की वापसी टीम को रणनीतिक और मानसिक मजबूती देगी।
41 साल की उम्र में भी रोनाल्डो की फिटनेस और जज्बा शानदार है। उनकी तेजी से रिकवरी 2026 के फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की उम्मीद को भी मजबूत करती है। आगामी मैच में चाहे वह शुरुआती एकादश में हों या बेंच पर उनकी मौजूदगी ही मैच का रुख बदल सकती है।