🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भारत से तनाव के बाद बैकफुट पर बांग्लादेश, अब खेलने के लिए BCCI को लिखा पत्र

टी-20 विश्व कप से बाहर होने के बाद बांग्लादेश की पहल, रिश्ते सुधारने की कोशिश तेज।

By रजनीश प्रसाद

Apr 03, 2026 15:16 IST

नई दिल्ली : भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में आई खटास के बाद अब बांग्लादेश ने यू-टर्न लेते हुए भारत से रिश्ते सुधारने की पहल की है। पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में खेलने से इनकार करने वाला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अब खुद भारत में खेलने के लिए तैयार है और इस संबंध में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को पत्र भेजा है।

दरअसल बांग्लादेश ने टी-20 विश्व कप भारत में खेलने से मना कर दिया था और अपने सभी मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इस मांग को खारिज कर दिया। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस फैसले का बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने खुलकर विरोध किया और देश की तत्कालीन अंतरिम सरकार की आलोचना की।

इस विवाद के चलते BCCI ने भी बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली द्विपक्षीय सीरीज को स्थगित कर दिया जिससे दोनों बोर्ड के रिश्ते काफी खराब हो गए। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने स्थिति को सुधारने के लिए पहल की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक BCB ने BCCI को लिखे पत्र में दोनों देशों के पुराने अच्छे संबंधों का जिक्र किया है और भारत से फिर से क्रिकेट संबंध बहाल करने की अपील की है।

साथ ही बांग्लादेश ने यह भी इच्छा जताई है कि भारतीय टीम उनके देश का दौरा करे और द्विपक्षीय सीरीज खेले। हालांकि इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय भारत सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। BCCI के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकार की अनुमति के बिना कोई कदम नहीं उठाया जाएगा।

गौरतलब है कि पहले दोनों देशों के क्रिकेट संबंध काफी मजबूत थे और भारत की मदद से ही बांग्लादेश को टेस्ट क्रिकेट का दर्जा मिला था लेकिन राजनीतिक बदलाव के बाद रिश्तों में तनाव आ गया। अब बांग्लादेश की नई सरकार भारत के साथ संबंध सुधारने की कोशिश कर रही है।

Articles you may like: