नई दिल्ली : आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच हारने के बाद गोयनका और टीम के कप्तान ऋषभ पंत के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिससे बहस शुरू हो गई है।
मैच के बाद गोयनका को पंत से अलग से बात करते देखा गया। हालांकि बातचीत में क्या कहा गया यह साफ नहीं है लेकिन इस तरह की घटनाएं पहले भी विवाद का कारण बन चुकी हैं। 2024 में भी तत्कालीन कप्तान केएल राहुल के साथ उनकी बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था।
इस पूरे मामले पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि टूर्नामेंट के पहले ही मैच के बाद इस तरह की प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है।
वहीं आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए गोयनका के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें “लूजर” और “जोकर” तक कह दिया और कहा कि अगर वह चेयरमैन होते तो गोयनका को प्रतिबंधित कर देते।
विवाद बढ़ने के बाद लखनऊ फ्रेंचाइजी ने स्थिति संभालने की कोशिश की। टीम ने एक नया वीडियो जारी कर कहा कि कैमरे में जो दिखता है वही पूरी सच्चाई नहीं होती। इससे पहले गोयनका सार्वजनिक रूप से पंत का समर्थन भी कर चुके हैं और कहा था कि टीम और कप्तान पर उन्हें पूरा भरोसा है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर आईपीएल में टीम प्रबंधन के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।