चेन्नई : आईपीएल में आज चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ अहम मुकाबला खेलने उतरेगी। इस मैच में सबसे बड़ी बात यह है कि टीम के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी मैदान में नजर नहीं आएंगे। धोनी को काफ मसल में चोट लगी है जिसके कारण वह करीब तीन हफ्ते तक टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे।
हाल ही में धोनी का एक अभ्यास वीडियो सामने आया था जिसमें वह नेट पर हल्की बल्लेबाजी और गेंदबाजी करते दिखे। इस वीडियो को देखकर फैंस काफी उत्साहित हो गए और उनकी जल्द वापसी की उम्मीद करने लगे। हालांकि यह वीडियो 1 अप्रैल को सामने आने के कारण कई लोगों ने इसे अप्रैल फूल भी माना। बाद में साफ हो गया कि धोनी फिलहाल खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।
चेन्नई ने अपना पहला मैच गुवाहाटी में खेला था जहां उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी। टीम मात्र 127 रन पर ऑल आउट हो गई थी और राजस्थान ने आसानी से 8 विकेट से जीत दर्ज की। वहीं पंजाब किंग्स ने अपने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है।
ऐसे में श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब टीम मानसिक रूप से मजबूत स्थिति में है। दूसरी ओर चेन्नई के समर्थक संजू सैमसन के बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे हैं।
धोनी भले मैदान में न हों लेकिन उनकी मौजूदगी का असर टीम और दर्शकों के बीच साफ दिखाई देगा। अब देखना है कि चेन्नई अपने घरेलू मैदान पर वापसी कर पाती है या नहीं।